काजा में माइनस 18 डिग्री का टॉर्चर

By: Dec 1st, 2019 12:20 am

तापमान में भारी गिरावट के साथ नदी-नाले शीशे में तबदील, लोगों का घरों से बाहर निकलना हुआ मुश्किल

केलांग – लाहुल-स्पीति के लोगों की दिक्कतें दूर होने का नाम नहीं ले रही हैं। आसमान से सफेद आफत के बरसने का दौर भले ही बंद हो गया हो, लेकिन अब यहां पर गिरता पारा लोगों के लिए सबसे बढ़ी आफत बन गया है। स्पीति के मुख्यालय काजा में तापमान इतना नीचे पहुंच गया है कि यहां नदी-नाले तक शीशे में तबदील हो गए हैं। पानी की पाइपे जाम हो चुकि हैं, वहीं लोगों का दिन में ही घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। शनिवार को काजा में न्यूनतम तापमान माइनस 18 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान तीन डिग्री रहा। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्पीति घाटी में गिरता तापमान लोगों के लिए कितनी बड़ी आफत बना है। बीते सप्ताह स्पीति घाटी में जहां भारी हिमपात दर्ज किया गया था, वहीं शनिवार को मौसम साफ होने के बावजूद यहां हालात सुधर नहीं पाए। माइनस 18 डिग्री तापमान में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हालांकि स्पीति घाटी में तापमान माइनस 30 डिग्री तक जाता है। उल्लेखनीय है कि लाहुल-स्पीति के काजा उपमंडल में शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 18 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान तीन डिग्री रहा। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के काजा स्थित कार्यालय के इंचार्ज सनी राणा ने उक्त जानकारी प्रशासन को दी। सनी राणा को मेट्रोलॉजिकल ऑब्जर्वेटरी का कार्य दिया गया है। ऐसे में हर दिन का तापमान कम और अधिक रिकार्ड कर रहे हैं। एडीएम ज्ञान सागर ने बताया कि काजा के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही स्पीति क्षेत्र के कई गांवों में तापमान काफी नीचे चला गया है। प्रशासन की ओर से सभी प्रकार की सुविधाएं लोगों को मुहैया कराई जा रही हैं। लोगों को एडवांस में ही खाद्य वस्तुएं लकड़ी, मिट्टी का तेल आदि की आपूर्ति कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कई जगह पर स्टोर बनाए गए हैं, जहां से लकड़ी ग्रामीण आसानी से खरीद  सकते हैं। एडीएम ज्ञान सागर नेगी ने कहा अभी नवंबर माह में ही तापमान काफी नीचे चला गया है। उन्होंने पर्यटकों से भी निवेदन किया है कि मौसम की जानकारी लेने के बाद ही स्पीति घूमने आए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है, वहां पर मार्ग खोलने का कार्य तीव्र गति से चला है। बहरहाल शनिवार को काजा में तापमान माइनस 18 डिग्री दर्ज किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App