घर-घर पहुंचाएंगे सरकार की योजनाएं

By: Dec 10th, 2019 12:20 am

 चंबा – भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रधान योगराज शर्मा ने कहा है कि समूचे चंबा जिला में भाजपा की मजबूती को लेकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नए कार्यकर्ताओं को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सभी मंडलों का दौरा कर मंडल कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा। साथ ही जिला एवं शीर्ष नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श कर जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की जाएगी। इसके उपरांत मोर्चों एवं प्रकोष्ठों का भी गठन किया जाएगा। वह सोमवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा ताकि लोग इनका लाभ उठा सकें। योगराज ने कहा कि पूर्व जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर के सात वर्षों के कार्यकाल में भारतीय जनता पार्टी काफी मजबूत हुई है। जिसके परिणाम वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनावों और इसी वर्ष हुए लोकसभा चुनावों में देखे जा चुके हैं। अब वर्ष 2020 में होने वाले पंचायत चुनाव पर फोकस रहेगा और अधिक से अधिक भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को विजयी करने को लेकर कार्य किया जाएगा। वर्ष 2022 में मिशन रिपीट को लेकर आज से ही कार्य आरंभ कर दिया गया है। 2022 में जिला चंबा के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाकर विधानसभा भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय से प्रदेश में चल रही पांच वर्ष बाद सत्ता परिवर्तन की रिवायत को भी खत्म किया जाएगा। वर्ष 2022 में एक बार फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश में सत्तासीन होगी। योगराज ने कहा कि दूरदराज क्षेत्र पांगी से संबंधित एवं किसान के बेटे को इतना बड़ा दायित्व मिलना केवल भाजरतीय जनता पार्टी में ही संभव है। एबीवीपी से राजनैतिक सफर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और पार्टी के लिए दिनरात कार्य किया है।  उन्होंने जिला अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने पर  प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित जिला चंबा के सभी विधायकों, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष और पार्टी के हरेक कार्यकर्ता का आभार भी व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App