डीएवी चंबा के होनहारों ने चमकाया नाम

By: Dec 23rd, 2019 12:30 am

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुश्ती में कांस्य और निशानेबाजी में जीता रजत पदक

चंबा-हैदराबाद में आयोजित डीएवी स्कूलों की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल चंबा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती में कांस्य और निशानेबाजी में रजत पदक जीतकर पूरे देश में स्कूल का नाम रोशन किया है। छात्रों के इस शानदार प्रदर्शन से स्कूल में जश्न का माहौल है। प्रिंसीपल अशोक कुमार गुलेरिया ने बताया कि हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिमाचल टीम की ओर से स्कूल के सात छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुश्ती के 86 किलोग्राम भार वर्ग में कार्तिक जर्याल ने कांस्य पदक जीता है। निशानेबाजी में स्कूल के आदित्य सिंह बिजलवान ने रजत पदक जीता है। इसके अलावा स्कूल के दीपक उनियाल ने 65 किलोग्राम, अक्षय जंबाल ने 70 किलोग्राम, रोहित कुमार ने 74 किलोग्राम, ब्रिजेश्वर ने 79 किलोग्राम और काव्यांश ने 92 किलोग्राम वर्ग मुकाबले में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के निशानेबाजी मुकाबले में हिमाचल की टीम ने उपविजेता का खिताब भी जीता है। अशोक कुमार गुलेरिया ने छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु शारीरिक शिक्षक रवि राणा की पीठ थपथपाई। उन्होंने प्रतियोगिता प्रतिभागियों बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App