दो करोड़ के बेस प्राइस में कोई भारतीय नहीं

By: Dec 13th, 2019 12:06 am

आईपीएम नीलामी के लिए 332 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट, उथप्पा सबसे अधिक 1.5 करोड़ की सूची में

नई दिल्ली – आईपीएल के अगले के लिए खिलाडि़यों की 19 दिसंबर को कोलकाता में होने वाली नीलामी की तैयारियां जोरों पर हैं। एक क्रिकेट वेबसाइट के मुताबिक नीलामी के लिए 332 खिलाडि़यों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। नीलामी के लिए 971 खिलाडि़यों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। दो करोड़ के टॉप बेस प्राइस में आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और पैट कमिंस के साथ दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस को रखा गया है। इस बेस प्राइस में कोई भी भारतीय नहीं है। रॉबिन उथप्पा भारत के टॉप बेस प्राइस खिलाड़ी हैं। उन्हें 1.5 करोड़ की लिस्ट में रखा गया है। शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाडि़यों में 24 नए प्लेयर यानी अनकैप्ड हैं। इनके नाम फ्रेंचाइजी की ओर से ही प्रस्तावित किए गए हैं। पिछले सीजन में 8.4 करोड़ में बिकने वाले तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट एक करोड़ की बेस प्राइस में शामिल हैं। नीलामी में भारतीय खिलाडि़यों में सबकी नजर उथप्पा पर होगी। 2007 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य उथप्पा कई सालों से कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेल रहे थे। इस साल फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया। उथप्पा पिछले साल भी नीलामी की प्रक्रिया से गुजरे थे। तब कोलकाता ने राइट-टू-मैच कार्ड का इस्तेमाल कर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया था। नीलामी में पहले बल्लेबाजों की बोली लगेगी। फिर ऑलराउंडर, विकेटकीपर-बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और आखिर में स्पिनर आएंगे। इसके बाद पहले कैप्ड और फिर अनकैप्ड खिलाडि़यों की नीलामी होगी। कुल मिलाकर 73 खिलाडि़यों की जगह खाली हैं। इनमें 29 स्थान विदेशी खिलाडि़यों के लिए है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App