नए साल पर हमसफर संग वादियों की सैर

By: Dec 2nd, 2019 12:20 am

हिम पैराडाइज संस्था ने शुरू किया अभियान; अभी तक 75 सैलानियों ने करवाई बुकिंग, घाटी की संस्कृति से करवाएंगे रू-ब-रू

मंडी – प्रदेश के अनछुए पर्यटन स्थलों से रू-ब-रू होंगे, ताकि विदेशी पर्यटक प्रदेश की प्रकृति और संस्कृति को भलीभांति जान सके। इसी उद्देश्य को लेकर हिम पैराडाइज संस्था ने हिम सफर अभियान शुरू किया है। जो  पर्यटकों को प्रदेश की सुंदरता के बारे में अवगत करवाने और प्रकृति और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा, जिसके तहत पर्यटकों को हिमाचल के अनछुए पर्यटन स्थलों पर ले जाकर यहां की सुंदर वादियों का नजारा दिखाया जाएगा। वहीं प्रदेश  की संस्कृति, लोकनृत्य, रहन-सहन और खानपान से भी अवगत करवाने का प्रयास किया जाएगा। हिम पैराडाइज के संचालक लवनीश और आयुष गुलेरिया द्वारा नव वर्ष की पूर्व संध्या के लिए पर्यटकों के समक्ष आकर्षक पैकेज  तैयार कर लिया है। हिम सफर नाम के इस टूअर में प्रत्येक पर्यटक से केवल 4400 रुपए लिए जा रहे हैं, जिसमें तीन दिन और दो रात का ठहराव जंजैहली की वादियों में होगा। मंडी में पत्रकार वार्ता करते हुए लवनीश गुलेरिया ने बताया कि उनका उद्देश्य यहां की समृद्ध संस्कृति का संवर्द्धन करने के अलावा यहां के अनछुए पर्यटन स्थलों को पर्यटन के मानचित्र पर पहचान दिलाना है। इसके चलते 30 व 31 दिसंबर को हिम सफर के नाम से पैकेज टूअर आयोजित किया जा रहा है, जिसकी ऑनलाइन बुकिंग जारी है। उन्होंने बताया कि अभी तक 75 लोगों की व्यवस्था हो चुकी है।  कार्यक्रम के अनुसार 30 दिसंबर को सुबह पर्यटकों का मंडी में पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। नाश्ते के बाद उन्हें ऐतिहासिक पांडव शीला दिखाने ले जाया जाएगा। इसके अलावा दिनभर रहने व खाने की व्यवस्था के अलावा हिमाचली गीतों और नाटियों तथा यहां के पकवानों को बनाने की विधि भी सिखाई जाएगी। पर्यटकों को बर्फ की वादियां दिखाने के अलावा विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय लोगों के साथ संवाद, गीत और नृत्य के कार्यक्रमों के अलावा कैंप फायर की आयोजन कर नए साल का स्वागत किया जाएगा। पूरे टूअर की वीडियों के साथ तैयार की जाएगी। ताकि पर्यटकों हिमाचल प्रदेश की वादियों याद रहे। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक विनोद गुलेरिया, कुलदीप भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App