नागरिकता कानून के खिलाफ बंद से थम गया बिहार, आरजेडी वर्कर्स ने की तोड़फोड़

By: Dec 21st, 2019 1:47 pm

प्रदर्शनकारियों ने पटना में तोड़फोड़ कीनागरिकता संशोधन कानून को लेकर यूपी, गुजरात, दिल्‍ली, कर्नाटक, असम के बाद अब बिहार में भी विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। बिहार में पिछले कुछ दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्‍य में मुख्‍य विपक्षी दल राष्‍ट्रीय जनता दल ने आज बंद बुलाया है। सुबह से ही आरजेडी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और ट्रेनों को रोका जा रहा है। 


भागलपुर में दुकानें बंद, तोड़फोड़
भागलपुर में आरजेडी कार्यकर्ता करीब डेढ़ घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्‍होंने सड़कों पर चल रहे वाहनों में तोड़फोड़ की है। वे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भागलपुर में विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बीच पुलिस के जवान सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। आरजेडी के कार्यकर्ता जबरन दुकानें बंद करा रहे हैं। आरजेडी नेता तेजस्‍वी यादव ने कहा था कि बंद शांतिपूर्ण होगा, लेकिन इसके बावजूद बंद समर्थकों ने तोड़फोड़ की।

नवादा में लगाया जाम
नवादा जिला में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने पटना-रांची राष्‍ट्रीय राजमार्ग पर सद्भावना चौक के पास आगजनी की और रास्‍ता जाम कर दिया। इससे सड़कों पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह से ही आरजेडी के सैकड़ों कार्यकर्ता सद्भावना चौक पहुंचकर जाम को सफल बनाने में जुट गए और लोगों को इस बंद में शामिल होने की अपील की। जिला कार्यालय से भी कार्यकर्ताओं का जत्था शहर में घूम-घूम कर दुकानों को बंद करा रहा है।

दरभंगा में शर्टलेस प्रदर्शन, आगजनी
दरभंगा में आरजेडी कार्यकर्ता भीषण ठंड के बावजूद कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्‍होंने सड़कों पर टायर जलाए हैं और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी की है। इन लोगों ने अपने हाथों में पोस्‍टर लिया हुआ था जिस पर लिखा था, ‘नीतीश कुमार, तौबा, तौबा, तौबा…।’ ये कार्यकर्ता ‘हिटलरशाही नहीं चलेगी’ के नारे भी लगा रहे हैं।

पटना में डंडे लेकर सड़क पर आरजेडी वर्कर्स
राजधानी पटना में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। सड़कों पर भारी पुलिसबल तैनात है। हालांकि आरजेडी समर्थक हाथों में डंडा लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बस स्टैंड के पास प्रदर्शनकारियों ने कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि सीएए और एनआरसी गलत है और हम इसका विरोध करता है। ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता भी इस बंद का समर्थन कर रहे हैं। पटना में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के वर्कर्स ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बैरिकेड को हटा दिया।

जहानाबाद में ट्रेन रोकी, सड़क पर आगजनी
जहानाबाद में आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने कोर्ट स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर आगजनी की। उन्‍होंने पटना से गया जाने वाली ट्रेन को रोक दिया। राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या 83 पर कई गाड़ियों के टायरों की हवा निकाल दी गई। इससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया और एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। जिला कार्यालय से आरजेडी कार्यकर्ताओं का जत्था शहर में घूम-घूम कर दुकानों को बंद करा रहा है।

छपरा में भी रफ्तार थमी
छपरा में भी आरजेडी वर्कर्स प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां बाजार समिति चौक के पास सड़क को जाम कर दिया गया। इससे कई गाड़ियां फंस गईं। खासकर छपरा-पटना और छपरा-मुजफ्फरपुर रूट पूरी तरह बाधित है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App