पीयूष गोयल-शिवराज चौहान होंगे पर्यवेक्षक

By: Dec 23rd, 2019 12:02 am

चंडीगढ़  – चंडीगढ़ स्थानीय भाजपा के नए अध्यक्ष का चयन जल्द ही हो जाएगा। पार्टी हाइकमान ने इस काम के लिए दो पर्यवेक्षक लगा दिए हैं। पहले सिर्फ  केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल को ही पर्यवेक्षक लगाया गया था, परंतु कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पीयूष गोयल की वर्तमान स्थानीय पार्टी प्रधान संजय टंडन के साथ नजदीकियों की बात उजागर हुई तभी भाजपा हाइकमान ने उनके साथ एक और पर्यवेक्षक को जोड़ने का ऐलान कर दिया। रविवार को दूसरे पर्यवेक्षक के तौर पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान को नियुक्त कर दिया गया। इस नियुक्ति की खबर जब चंडीगढ़ पहुंची तो पार्टी की स्थानीय इकाई ेमें खलबली मच गई व तरह तरह की चर्चाएं चलने लगीं व कयास लगाए जाने लगे। पुष्ट सूत्रों के अनुसार चौहान 25 दिसंबर को चंडीगढ़ पधार रहे हैं व स्थानीय नेताओं का मन टटोलेंगे। यह पता चलते ही चंडीगढ़ भाजपा के नेता भी बड़ी उत्सुकता से उनके आगमन के इंतजार कर रहे हैं। यहां ये उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह लगातार तीन बार मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री रहने के अलावा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App