बजौरा में मिलेंगे अनार प्लम और सेब के पौधे

By: Dec 13th, 2019 12:20 am

भुंतर – प्रदेश के बागबानों को उन्नत और आधुनिक प्रजातियों के पौधे जिला का बागबानी अनुसंधान केंद्र बजौरा बांटेगा।अनुसंधान केंद्र में पौधे बांटने की प्रक्रिया 16 दिसंबर से आरंभ होगी और आने वाले करीब एक माह से अधिक समय तक चलेगी। बागबानों को सेब के अलावा अनार सहित अन्य किस्मों के पौधे बांटे जाएंगे और इसके लिए बागबानों ने भी तैयारियां कर ली हैं। जानकारी के अनुसार करीब 70 से 80 हजार पौधे यहां पर इस बार वितरित किए जाएंगे। इस दौरान कुल्लू के अलावा प्रदेश भर के बागबान यहां पर पंजीकरण करवाकर पौधे प्राप्त कर पाएंगे। जानकारी के अनुसार इस बार यहां पर सेब की नई प्रजातियों के पौधों को बांटा जाएगा, तो अनार की नई ईजाद किस्मों के पौधों को भी बांटा जाएगा।अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों के मुताबिक सेब और अनार के अलावा नाशपाती, प्लम, खुमानी, अखरोट, आड़ू, चैरी, जापानी और अन्य फलदार पौधों की 30 से अधिक प्रजातियों के पौधे मिलेंगे। बागबानों को पौधे सस्ते दामों में प्रदान किए जाते हैं। सभी बागबानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर पौधे मिलेंगे। जानकारी के अनुसार पौधों की खरीद के लिए जिला कुल्लू सहित अन्य जिलों के बागबान एकाएक सक्रिय हो गए हैं। सेब की अरली प्रजातियों सहित प्लम, अनार और जापानी फलों के पौधों के लिए इस बार बागबानों की होड़ लगने के संकेत दिख रहे हैं और बागबान इन पौधों को खरीदने के लिए तैयार हैं। हालांकि बागबानों को सभी किस्मों के पौधे सीमित मात्रा में मिलते हैं, लेकिन उच्च क्वालिटी के पौधे तैयार होने के चलते बागबान यहां से पौधों की खरीददारी को ज्यादा अहमियत देते हैं। बागबानों को दो चरणों में हर साल यहां पर पौधों को बांटने का काम होता है। पहले चरण में लाहुल स्पीति और अन्य जनजातीय जिलों के लोगों को नवंबर माह में कार्य पूरा किया जाता है तो दूसरे चरण में कुल्लू और अन्य जिलों के बागबानों को पौधे बांटे जाते हैं। बजौरा बागबानी अनुसंधान केंद्र के सह निदेशक डा. भूपिंद्र ठाकुर के अनुसार पौधों को बांटने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। उनके अनुसार इस बार बागबानों को अधिकतर नई किस्मों के पौधे भी यहां पर मिलेंगे। बहरहाल, जिला के बजौरा में पौधों को बांटने का काम आरंभ होने वाला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App