राहुल गांधी ने बुलाए रामलाल

By: Dec 1st, 2019 12:30 am

संगठन मामलों के साथ अन्य मसलों पर भी होगी चर्चा

शिमला –दो दिन पहले सोनिया गांधी व राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद एक दफा फिर से रामलाल ठाकुर को दिल्ली बुलाया गया है। अब राहुल गांधी ने उन्हें मिलने का समय दिया है और बुधवार शाम छह बजे दिल्ली में यह मुलाकात होगी। इसकी सूचना शनिवार सुबह ही रामलाल ठाकुर को मिली है। बता दें कि इससे पहले दोनों केंद्रीय नेताओं के साथ वह मिल चुके हैं, जिनसे संगठन को लेकर चर्चा हुई। रामलाल ठाकुर ने राहुल गांधी से कहा था कि कांग्रेस को नशे के खिलाफ एक अभियान चलाना चाहिए। इसे पसंद किया गया था, जिस पर प्रस्ताव मांगा गया है। यही प्रस्ताव लेकर वह दिल्ली जाएंगे और बताएंगे कि कांग्रेस को क्या कुछ करना चाहिए। उत्तर भारत में कांगे्रस इस अभियान को मजबूती से चलाना चाहती है। इतना ही नहीं, संगठन में चल रही गतिविधियों पर भी दोबारा से बातचीत होनी तय है। रामलाल ठाकुर ने पहले भी वहां दावा किया था कि कांग्रेस प्रदेश में कमजोर हो चुकी है। धर्मशाला के उपचुनाव में  पार्टी प्रत्याशी की सिक्योरिटी जब्त होना एक बड़ी बात है जिसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए, वहीं लोकसभा के चुनाव में 68 ब्लाकों में से किसी में भी लीड नहीं मिलना भी अहम है। ऐसे मामले सामने आने के बाद संगठन की मजबूती पर काम किया जाना जरूरी है, मगर ऐसा हो नहीं रहा है। राम लाल ठाकुर ने वहां साफ संकेत दिए हैं कि वर्तमान अध्यक्ष इस कुनबे को सही तरह से नहीं चला पा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App