व्यापार की प्रेरणा

By: Dec 7th, 2019 12:18 am

सद्गुरु  जग्गी वासुदेव

मैं जानता हूं कि किसी उद्यमी के लिए पैसा बहुत मायने रखता है, पर आपके पास पैसा केवल इसलिए नहीं आता कि आप उसे पाना चाहते हैं। यह आपके पास तब आता है जब आप कुछ अच्छे से करते हैं। अगर आप केवल पैसे के बारे में सोचते हैं, तो मेरे हिसाब से प्रक्रिया की बजाय केवल नतीजे में आपकी रुचि है। जो लोग प्रक्रिया की बजाय केवल नतीजों में रुचि लेंगे, वे केवल उसके सपने देखेंगे और उसे पूरा नहीं कर पाएंगे। आप कितना पैसा कमाना चाहते हैं, इस बारे में लगातार सोचने की बजाय अगर आप यह देखें कि आप क्या बनाना चाहते हैं और अगर आपकी रचना सही मायनों में अच्छी हुई, तो पैसा अपने आप आएगा। अपने जीवन के अंत में, आप अपने साथ कुछ नहीं ले जा सकते। केवल यही बात मायने रखेगी कि आपने क्या रचा। अगर आप आधुनिक सफल व्यवसायियों को देखें जैसे नारायण मूर्ति आदि तो इन लोगों ने कभी पैसे की परवाह नहीं की। वे कुछ रचना चाहते थे। उन्होंने कुछ ऐसा रचा, जो सबके लिए उपयोगी था इसलिए पैसा सहज भाव से खुद ही आने लगा। सबसे जरूरी ये है कि अगर आप कुछ ऐसा रच रहे हैं जिसे आप मूल्यवान समझते हैं, अगर आप कुछ ऐसा रच रहे हैं, जो सभी के लिए उपयोगी हो सकता है, तो आपको उसे रचने का भरपूर आनंद आएगा।

एक उद्यमी केवल इसलिए उद्यमी बनता है, क्योंकि वह कुछ ऐसा रचना चाहता है जो उसके हिसाब से होना चाहिए। अगर आप कुछ बनाना चाहते हैं, तो पैसा उसका एक अंग है। पैसे बिना कोई काम ठीक से नहीं हो सकता। तो पैसा आपके काम को पूरा करने की सामग्री मात्र है। जिस तरह बाकी सामानों के लिए मैनेजर होते हैं, उसी तरह आपको पैसों के लिए मैनेजर की जरूरत है। आप कितना धन कमाते हैं, यह समय पर निर्भर करेगा। वर्तमान की सफल गाथाएं जैसे इंफोसिस आदि, इतिहास के एक निश्चित समय से जुड़ी है। एक निश्चित समय में, निश्चित तकनीकों और बदलावों ने, उन चीजों को संभव होने में मदद की। इसलिए आपको उन्हीं चीजों के लिए कोशिश नहीं करनी चाहिए। आपको देखना है कि वह क्या चीज है, जिसे आप बनाना चाहते हैं, आप लोगों के जीवन में किस तरह का योगदान करना चाहते हैं। अगर आप वास्तव में लोगों के जीवन में एक बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं, तो आपको पैसा गिनने की क्या जरूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App