सरकार की नाकामियों का दस्तावेज लाएगी कांग्रेस

By: Dec 25th, 2019 12:30 am

आरोप पत्र की परंपरा से किनारा, कल बताएंगे सरकार ने कौन से वादे नहीं किए पूरे

शिमला – सरकार में सत्तापक्ष के एक साल पूरा होने पर विपक्ष द्वारा आरोप पत्र देने की पुरानी रिवायत को कांगे्रस ने खत्म कर दिया है। कांग्रेस, जयराम सरकार के दो साल पूरे होने पर इस बार आरोप पत्र नहीं दे रही है। पिछले साल भी कांग्रेस पार्टी ने सरकार के खिलाफ आरोपों का पुलिंदा दिया था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है। पुख्ता सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पार्टी इस बार आरोपपत्र की बजाय असफलताओं का दस्तावेज सामने लाएगी। इसका खाका तैयार करने के लिए एक टीम कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में काम कर रही है। बताया जाता है कि यह खाका लगभग तैयार है और 26 दिसंबर को इसे जारी कर दिया जाएगा। असफलताओं को गिनाने वाले इस दस्तावेज में सरकार के खिलाफ पार्टी क्या-क्या लिखेगी, यह तो साफ है, मगर इसे पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है। बताया जाता है कि कांग्रेस ने कुछ नेताओं को यह काम दे रखा है, जो दस्तावेज तैयार कर रहे हैं। इसमें बताया जाएगा कि दो साल में इस सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, उनको पूरा नहीं किया है। इन वादों की फेहरिस्त को गिनाया जाएगा। कांग्रेस बताएगी कि किस तरह से यहां पर चुनाव से पहले 69 नेशनल हाई-वे का ढिंढोरा पीटा गया, मगर उनमें से बना एक भी नहीं। केंद्र से मंजूरी ही नहीं मिल पाई। एम्स को धरातल पर लाने का ऐलान हुआ था, वह भी नहीं हो सका। यहां पर रेलवे का विस्तार ठंडे बस्ते में पड़ा है। साथ ही कर्ज को लेकर ढोल पीटने वाली भाजपा, सरकार बनने के बाद किस तरह से कर्जा लेकर काम चला रही है। बताया जाता है कि ऐसे वादों को कांग्रेस अपनी किताब में फोटो सहित प्रदर्शित करेगी। उसने भाजपा के दृष्टिपत्र को भी खंगाल लिया है और इसमें से उन वादों को अपनी किताब में उकेरा है, जो पूरे नहीं हो सके हैं। दस्तावेज में देश में बढ़ती महंगाई के बारे में बताया गया है, वहीं प्र्रदेश में ट्रिब्यूनल बंद करने से कर्मचारियों के सामने उत्पन्न स्थिति को भी उजागर किया जा रहा है। जनता को बताया जाएगा कि घोषणा में क्या-क्या वादे थे और उन पर क्या किया गया।

कांग्रेस प्रभारी को विशेष तौर पर बुलाया

बताया जाता है कि कांग्रेस गुरुवार को इस दस्तावेज को जारी करेगा और एक पे्रस वार्ता में इसे सौंपा जाएगा। इस मौके पर कौन-कौन नेता होंगे, यह साफ नहीं हो पाया है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल को भी इस मौके पर बुलाया गया है, जिनसे कुलदीप सिंह राठौर ने सोमवार को दिल्ली में मुलाकात की। राठौर दिल्ली गए हुए थे, जहां पर इस रणनीति के बारे में उन्होंने आला नेताओं से चर्चा की है।

अब तक आरोप पत्र लाने की रही रिवायत

प्रदेश में चाहे कोई भी सरकार रही हो, एक-दूसरे के खिलाफ हर साल आरोप पत्र दायर किया जाता रहा है। कभी भाजपा कांग्रेस के मंत्रियों के घोटालों को उजागर करती रही है, तो कभी कांग्रेस। सालों बाद ऐसा मौका है कि कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए मंत्रियों के खिलाफ आरोप पत्र नहीं लाकर पूरी सरकार की असफलताओं को जनता के बीच लाने की तैयारी में है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App