सर्दी का सितम, ठंड से ठिठुरा हिमाचल

By: Dec 17th, 2019 12:30 am

शिमला-हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। धूप खिलने के बाद दिन के समय ठंड का प्रकोप कुछ हद तक कम हुआ है, मगर राज्य बारिश व बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आने से समूचे राज्य में सुबह व शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। खासतौर में राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। राज्य के कल्पा, केलांग, मनाली व कुफरी का पारा जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। शिमला व सुंदरनगर का तापमान भी शून्य डिग्री में रिकार्ड किया गया है। चंबा व डलहौजी का तापमान लुढ़क कर एक डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अगामी दो दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 19 दिसंबर से राज्य में फिर से बारिश व बर्फबारी होगी। सोमवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दिन के समय मौसम साफ बना रहा। धूप खिलने राज्य के कई स्थानों के तापमान में रविवार के मुकाबले एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। इसके अलावा सोलन, कांगड़ा में दो, सुंदरनगर, भुंतर, ऊना, व चंबा के पारे में एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी आंकी गई है। राज्य के कल्पा, धर्मशाला व नाहन के तापमान में रविवार के मुकाबले उछाल आंका गया है। राज्य के केलांग का तापमान लुढ़क कर माइनस डिग्री में पहुंच गया है, जो देश भर में सबसे कम रिकार्ड किया गया है। उधर, मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में अगामी दो दिनों के दौरान मौसम साफ बना रहेगा, जबकि पहाड़ों पर 19 दिसंबर से फिर बारिश व बर्फबारी होगी। यह सिलसिला 22 दिसंबर तक जारी रहेगा।

कहां, कितना तापमान

शहर    अधिकतम    न्यूनतम

शिमला    —        0.8

सुंदरनगर  20.8       3.0

भुंतर       16.9       0.2

कल्पा     3.7        -6.0

धर्मशाला   10.6       2.4

ऊना       20.7       5.6

सोलन     19.0       1.2

नाहन      17.1       9.4

केलांग     -6.6       -14.9

कांगड़ा    20.1       3.5

बिलासपुर 21.0       7.0

हमीरपुर    20.8       6.7

चंबा       15.1       1.0

डलहौजी  6.0        1.5


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App