सुखबीर अकाली दल के अध्यक्ष

By: Dec 15th, 2019 12:06 am

शिअद के स्थापना दिवस पर पूर्व उपमुख्यमंत्री को फिर जिम्मेदारी

अमृतसर –शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के 99वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सांसद सुखबीर सिंह बादल को सर्वसम्मति से शिरोमणि अकाली दल (बादल) का अध्यक्ष चुन लिया गया। श्री बादल तीसरी बार पार्टी के अध्यक्ष चुने गए हैं। तेजा सिंह समुद्री हाल में शिरोमणि अकाली दल के आम सत्र में जत्थेदार तोता सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए सुखबीर सिंह बादल के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया। इससे पहले वर्ष 2008 में सुखबीर बादल पहली बार शिअद (बादल) के अध्यक्ष चुने गए थे, तब प्रकाश सिंह बादल ने पार्टी के तत्कालीन वरिष्ठ अध्यक्ष व मंत्री रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा से सुखबीर बादल के नाम का प्रस्ताव पेश करवाया था और डींडसा ने उसका समर्थन किया था। वर्ष 2013 में भी अध्यक्ष पद के चुनाव में श्री ब्रह्मपुरा ने सुखबीर बादल का नाम अध्यक्ष पद के लिए पेश किया था और ढींढसा ने उसका अनुमोदन किया था। लगातार दो बार सुखबीर बादल को अध्यक्ष पद का ताज पहनाने वाले उक्त दोनों अकाली नेता अब बादल परिवार के विरोध में हैं। श्री ब्रह्मपुरा ने अब अपना अलग अकाली दल टकसाली बना लिया है। शिअद के इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के विरोध के बावजूद अकाली दल का वर्तमान नेतृत्व सुखबीर बादल के समर्थन में है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App