हिमाचल में बर्फबारी ज़िंदगी पर भारी

By: Dec 15th, 2019 12:05 am

बारिश…बर्फबारी और कर्फ्यू

 ठंड ने जाम किया प्रदेश, घरों में दुबके रह गए लोग

शिमला-हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी के बाद हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। कड़ाके की ठंड ने जनता को घरों में कैद कर दिया है। खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में जनता को रौद्र ठंड की मार झेलनी पड़ रही है। बारिश व बर्फबारी के बाद शिमला, डलहौजी, कुफरी, कल्पा, केलांग व मनाली का तापमान माइनस डिग्री में चल रहा है। बारिश व बर्फबारी से अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से समूचा राज्य ठंड से जाम हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में रविवार को भी मौसम खराब रहेगा, जबकि राज्य में 16 से 19 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। 20 दिसंबर से फिर से बारिश व बर्फबारी होेने की संभावना जताई जा रही है। राज्य में शनिवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। दोपहर तक अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादलों के घिरने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने से तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला, भुंतर, नाहन, कांगड़ा और केलांग के पारे में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। ऊना में सबसे ज्यादा पांच डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा ऊना में चार डिग्री की गिरावट आंकी गई है। वहीं, शेष हिमाचल के पारे में हल्का उछाल आया है। तापमान में गिरावट आने के बाद समूचे राज्य में जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस डिग्री तक की गिरावट आई है। राज्य के छह स्थानों का तापमान माइनस डिग्री में आ गया है। राज्य में अगर फिर से बारिश व बर्फबारी होती है, तो जनता को फिर से ओर कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

पहाड़ों पर हिमपात मैदानों में झमाझम

डलहौजी में सबसे ज्यादा 60 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा कोठी में 30, छतरी में 18, खदराड़ा में 14, शिमला, कल्पा व केलांग में 13 और ठियोग में 12 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। पहाड़ों पर जहां बर्फबारी हुई है। वहीं, राज्य में मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। बारिश होने से मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App