20 परिवारों को मिलेगा नया घर

By: Dec 3rd, 2019 12:01 am

नूरपुर में भू-स्खलन के बाद स्थानीय प्रशासन की पहल

नूरपुर – नूरपुर शहर के वार्ड नंबर नौ में शनिवार देर शाम हुए भू-स्खलन से दो घर जमींदोज होने के बाद स्थानीय प्रशासन इस मामले को लेकर गंभीर हो गया है। प्रशासन ने भू-स्खलन की जद में आए 20 परिवारों की सूची बनाई है, जिनको किसी अन्य जगह पर पांच-पांच मरला भूमि अलॉट की जाएगी। प्रशासन ने इन परिवारों के पुनर्वास के लिए फाइल तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। प्रशासन का यह दावा है कि जल्द ही 20 प्रभावित परिवारों को नया आशियाना बनाने के लिए नई जगह मिलेगी। उल्लेखनीय है कि शनिवार देर शाम को भू-स्खलन के कारण दो मकान गिर गए थे और उसके साथ के अन्य 11 मकान भी खतरे की चपेट में आ गए थे। इससे पहले भी भू-स्खलन के कारण कुछ घरों में दरारें पड़ चुकी हैं। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार परिवारों को सुरक्षित स्थान तो शिफ्ट कर दिया था। वहीं, खतरे को देखते हुए पहाड़ी पर बसे 20 परिवारों को भी किसी दूसरी जगह शिफ्ट करने की कवायद शूरू कर दी गई है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी यहां भू-स्खलन हुआ था, जिसमें कुछ मकान खतरे की चपेट में आ गए थे तथा स्थानीय प्रशासन व विधायक राकेश पठानिया ने घटनास्थल का दौरा किया था। स्थानीय वार्ड मेंबर अश्वनी सहित अन्य प्रभावितों ने मांग की थी कि उनको शहर में दूसरी जगह भूमि अलॉट की जाए। उधर, इस बारे में एसडीएम नूरपुर डा. सुरिंद्र ठाकुर ने बताया कि वार्ड नंबर नौ में  स्थित 20 परिवारों के लिए 5-5 मरला भूमि चयनित कर ली गई है और फाइल उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रभावितों को सरकार द्वारा भूमि अलॉट की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App