कांग्रेस कल नाहन में निकालेगी विरोध रैली

By: Jan 29th, 2020 12:01 am

शिमला – केंद्र सरकार की देश-विरोधी नीतियों और प्रदेश सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस 30 जनवरी को सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में एक बड़ी रैली का आयोजन कर रही है। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीदी दिवस पर आयोजित राष्ट्र एकता का संकल्प लेते हुए कांग्रेस देश के संविधान से खिलवाड़ करने वालों और देश को बांटने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध करते हुए इसके विरोध स्वरूप प्रदेश में जनजागरण अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, वह चिंता का विषय है। बढ़ती आर्थिक मंदी से देश की अर्थव्यवस्था चौपट होती जा रही है। इसी प्रकार नागरिकता संशोधन कानून हो या एनआरसी, देश के लोग इसके खिलाफ  सड़कों पर उतर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि असल मे देश की ज्वलंत समस्याओं से लोगो का ध्यान हटाने के मकसद से केंद्र सरकार ऐसे कानून थोपने के प्रयास कर रही है, जिससे लोग अपनी आवाज न उठा सकें। कांग्रेस आम लोगों को जोड़कर उन्हें समस्याओं के प्रति जागरूक करेगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App