कांग्रेस ने डाला ऊपर-नीचे का भेद

By: Jan 22nd, 2020 12:01 am

नेता प्रतिपक्ष पर सीएम का हमला, मुकेश के क्षेत्र में ही करोड़ों के उद्घाटन

शिमला – प्रदेश के विकास में भेदभाव के आरोप लगाए जाने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को करारा जवाब दिया है। सीएम ने इस मामले पर विपक्षी दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री को खूब खरी-खरी सुनाई है और कहा है कि उन्हें उनके चश्मे से विकास दिखाई नहीं दे रहा। सीएम ने कहा कि विकास में भेदभाव के आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने प्रदेश में ऊपर व नीचे का भेद डाला। यही भेद उस पर भारी पड़़ गया और राज्य की जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया। बावजूद इसके विपक्ष के नेता को यह बात समझ नहीं आ रही है। सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में एक सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि ऊपर व नीचे की बात करने वाली कांग्रेस आज सत्ता से बाहर है। वर्तमान सरकार ने इस भेद को पूरी तरह से खत्म किया है और पूरे प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित किया गया है। राज्य में संतुलित विकास किया जा रहा है और वह लगातार प्रदेश का प्रवास करते हैं। उन्होंने विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री को तल्ख तेवरों में कहा कि हाल ही में ऊना जिला में दो दिन के प्रवास के दौरान करोड़ों रुपए के उद्घाटन व शिलान्यास किए गए हैं, क्या मुकेश को वह नहीं दिखे। इसके बाद कांगड़ा का प्रवास था, जहां पर भी करोड़ों के उद्घाटन व शिलान्यास किए गए हैं। ऐसे में कांग्रेस किस दृष्टि से विकास को देखती है, यह समझ से परे है।

अब होगा मंत्रिमंडल विस्तार

सीएम ने कहा कि अब मंत्रिमंडल विस्तार के लिए सही समय है। उनका कहना था कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव कर लिया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी ताजपोशी हो गई है। अब आगे बढ़ने का समय है और मंत्रिमंडल विस्तार की दिशा में बढ़ रहे हैं।

नड्डा के आने पर अभिनंदन

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हिमाचल आने पर जोरदार अभिनंदन समारोह होगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए हिमाचल को गौरवमय करार देते हुए कहा कि छोटे से राज्य को पार्टी ने सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। सीएम का कहना था कि इससे हिमाचल भाजपा को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App