जनता करेगी सरकार की नीतियों की समीक्षा

By: Jan 3rd, 2020 12:01 am

शिमला – सरकारी योजनाओं व नीतियों की समीक्षा अब प्रदेश की अफसरशाही नहीं, बल्कि हिमाचल की आम जनता करेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जन्मदिवस पर माइगोव वेबपोर्टल लांच करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री के मन की बात को हिट करने वाली माइगोव वेबपोर्टल को लांच करने वाला हिमाचल देश का 11वां राज्य बन रहा है। इस सुविधा से जुड़ने के बाद हिमाचल के आम नागरिक अपने मन की बात इस वेबपोर्टल में अपलोड कर सकेंगे। हिमाचल सरकार के लिए यह वेबपोर्टल डिजिटल सर्वे एजेंसी के रूप में भी काम करेगी। सिटीजन अंगेजमेंट पोर्टल की लांचिंग के बाद सरकार तथा आम जनता के बीच की खाई भी समाप्त हो जाएगी। इस कारण यह प्रावधान प्रदेश की जनता के लिए जनमंच तथा मुख्यमंत्री संकल्प सेवा योजना से भी ज्यादा प्रभावी हो सकता है। पुख्ता सूचना के अनुसार सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने माइगोव पोर्टल की लांचिंग की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। केंद्र सरकार ने इसका पोर्टल तैयार कर हिमाचल को लिंक प्रेषित कर दिया है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर छह जनवरी को इस वेबपोर्टल को लांच कर दिया जाएगा। बताते चलें कि हिमाचल सरकार की किसी भी योजना की समीक्षा या फीडबैक लाभार्थियों से लेने का कोई प्रावधान नहीं है। मुख्यमंत्री तथा विभिन्न विभागों के मंत्री सरकारी योजनाओं का अपने संबोधन में बखूबी व्याख्यान करते हैं। बावजूद इसके सरकार को जनता से इसका स्टीक फीडबैक नहीं मिल पाता है। इसी कारण सरकार ने जनमंच तथा मुख्यमंत्री संकल्प सेवा योजनाएं लाँच की है। जयराम सरकार की सुपरहिट हुई इन दोनों योजनाओं के बावजूद सरकार को जनता का स्टीक फीडबैक नहीं मिल पा रहा है। इस कारण राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के माइगोव वेबपोर्टल को प्राथमिकता दी है।

मोदी की मन की बात से आगे बढ़ रहे राज्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात के लिए भारत सरकार ने माइगोव वेबपोर्टल वर्ष 2014 में शुरू किया था। अब दूसरे राज्य भी इस तरफ आगे बढ़ रहे हैं। इस कड़ी में केंद्र सरकार  माइगोव वेबपोर्टल लिंक भेज कर राज्य सरकारों को इस सुविधा से जोड़ रही है। इस सेवा से जुड़ने वाले प्रदेशों से आए सार्थक परिणामों के बाद हिमाचल सरकार इसे शुरू करने जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App