डलहौजी के गुरुद्वारा साहिब में भक्तों का मेला

By: Jan 6th, 2020 12:20 am

गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर शबद-कीर्तन, लंगर में संगत से ग्रहण किया प्रसाद

डलहौजी –श्री गुरु सिंह सभा सदर बाजार डलहौजी की ओर से सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व श्रद्धा व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए सभा के अध्यक्ष सरदार परमजीत सिंह ने बताया कि इस पावन मौके पर गुरुद्वारा साहिब में सहज पाठ रखा गया था, जिसका रविवार को संपूर्ण भोग डाला गया। इसके उपरांत गुरुद्वारे में कीर्तन दीवान सजाया गया। इस मौके पर यहां ठंड के बावजूद भी हाजिरी लगाने के लिए काफी संख्या में संगत पहुंची। संगत ने दीवान के सामने मत्था टेका और गुरु से आशीर्वाद प्राप्त किया। रागी जत्थों में भाई मनीष जी और भाई विशाल कोहली जी ने शब्द कीर्तन से गुरमत विचारों और गुरुबाणी पाठ से संगत को निहाल कर गुरु की महिमा का बखूबी बखान भी किया। अरदास समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया। इस अवसर पर कर्णवीर सिंह मोंगा, जगदीप अरोड़ा, मनजीत अरोड़ा, रमजीत सिंह व तलविंद्र सिंह सहित काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App