डलहौजी में फिर बर्फबारी

By: Jan 30th, 2020 12:23 am

डलहौजी-पर्यटन नगरी डलहौजी ने एक बार फिर बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। डलहौजी शहर व उंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार रात से बर्फबारी का दौर जारी है। हालांकि बुधवार सवेरे मौसम खुलने से कुछ देर तक लोगों ने राहत ली। मगर दोपहर बाद फिर से बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया। बुधवार को डलहौजी शहर में करीब सवा फुट, जबकि उपरी क्षेत्र डैनकुंड में तीन फुट, लकड़मंडी में अढ़ाई फुट और आहला में दो फुट ताजा बर्फबारी रिकार्ड गई है। बर्फबारी के बाद डलहौजी- बनीखेत मार्ग पर फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही भी ठप होकर रह गई है। लोक निर्माण विभाग व ग्रिफ  प्रबंधन अपने अधीन पड़ने वाले मार्गों से बर्फ  हटाकर यातायात बहाली के लिए जुटा हुआ है। ताजा बर्फबारी  के चलते शहर में बिजली व पेयजल व्यवस्था भी बाधित हुई है। बर्फबारी  के बीच हाड कंपा देने वाली ठंड के चलते लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। समाचार लिखे जाने तक डलहौजी में बर्फबारी लगातार जारी थी। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात अचानक बारिश के बाद बर्फबारी  का दौर आरंभ हो गया। देखते ही देखते ही डलहौजी शहर सहित आसपास का क्षेत्र बर्फ  की सफेद चादर से ढ़क गया। डलहौजी में बर्फबारी  का दौर लगातार जारी रहने से अब यह लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। बर्फबारी  के चलते डलहौजी में बिजली व पानी की व्यवस्थाएं चरमराने के अलावा मार्गों पर बढ़ी फिसलन के चलते ड्राइविंग भी रिस्की होकर रह गई है। बुधवार को बर्फबारी लगातार रहने से शहर के बाजारों में वीरानी छाई रही। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते अधिकतर दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी बंद रखी। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App