दिल्ली में छात्रों को भी फ्री सफर

By: Jan 20th, 2020 12:02 am

विधानसभा चुनाव को लेकर नए वादों के साथ केजरीवाल गारंटी कार्ड पेश

नई दिल्ली –दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वादा किया कि दिल्लीवालों को फिलहाल फ्री मिल रही सुविधाएं अगले पांच साल भी जारी रहेंगी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता से कुछ नए वादे भी किए। रविवार को दिल्ली सीएम ने अपनी पार्टी के घोषणापत्र का संक्षिप्त विवरण पेश किया। इसे ‘केजरीवाल गारंटी कार्ड’ नाम दिया गया है। केजरीवाल ने कहा कि पांच साल में वह दिल्ली को चमका के दिखा देंगे। साथ ही साथ वह यह भी बोले कि पांच साल में वह लोगों को यमुना में डुबकी जरूर लगवा देंगे। मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पहले से लागू योजनाएं लागू रहेंगी और कुछ योजनाएं ऐसी हैं जो अगले पांच साल में पूरी की जाएंगी। यहां केजरीवाल ने बिजली, पानी, शिक्षा, यातायात, कच्ची कॉलोनी, यमुना आदि पर बात की।

नए वादे

-स्टूडेंट्स को भी फ्री बस यात्रा मिलेगी। फिलहाल दिल्ली में सिर्फ महिलाएं बस में फ्री सफर कर सकती है।

-बसों की तरह हर मोहल्ले में मार्शल होगा। इन्हें ‘मोहल्ला मार्शल’ कहा जाएगा।

-पलूशन को कम करने के लिए दिल्ली में दो करोड़ से ज्यादा पौधे लगाएं जाएंगे। -यमुना को साफ किया जाएगा।

यमुना नदी में डुबकी लगवा दूंगा

यमुना का जिक्रकरते हुए केजरीवाल ने कहा कि अगले पांच साल में इसे साफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच साल लगेंगे, लेकिन आखिर तक आप सबको यमुना में एकबार डुबकी जरूर लगा दूंगा। कच्ची कालोनियों से सात वादे दिल्ली सीएम ने कच्ची कालोनी में रहने वालों से सात चीजों का वादा किया। इसमें कच्ची कॉलोनी में सड़क, नाली, गली, पानी, सीवर, मोहल्ला क्लीनिक, सीसीटीवी कैमरे की गारंटी दी गई।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App