दिल्ली में हिमाचली साहित्यकारों की पुस्तकें लांच

By: Jan 9th, 2020 12:02 am

शिमला  – भाषा अकादमी द्वारा विश्व पुस्तक मेला दिल्ली में डा. हेमराज कौशिक द्वारा लिखित तथा हिमाचल अकादमी द्वारा प्रकाशित पुस्तक क्रांतिकारी साहित्यकार यशपाल का लेखक मंच पर आयोजित समारोह में लोकार्पण किया गया। पुस्तक का विमोचन तरुण विजय पूर्व सांसद राज्यसभा, फिल्म पटकथा लेखिका अद्वैता काला, पांचजन्य के वर्तमान संपादक  हितेश शंकर, आचार्य देवेंद्र देव, डा. पीसी टंडन, यशपाल के पुत्र आनंद पाल, शोध संस्थान नेरी हमीरपुर के निदेशक चेतराम गर्ग, डा ओमप्रकाश शर्मा और  हिमाचल अकादमी के सचिव डा. कर्म सिंह द्वारा किया गया। तरुण विजय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अनेक क्रांतिकारी साहित्यकार आजादी के आंदोलन में शामिल रहे हैं, उनमें यशपाल प्रमुख हैं। अकादमी के सचिव डा कर्म सिंह ने कहा कि अकादमी ने संस्कृत साहित्य का इतिहास, जनजातीय लोककथाएं, रघुनाथ जी एवं कुल्लू दशहरा, अटल चिंतन और हिस्ट्री ऑफ हिमाचल प्रदेश आदि पुस्तकों का प्रकाशन किया।

पॉमिला की ‘नायिका’ का विमोचन

नेरचौक – बल्ह घाटी की लेखिका पॉमिला ठाकुर के पहले उपन्यास नायिका का लोकापर्ण हो गया है। दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेले में हिमाचल कला संस्कति एवं भाषा विभाग के मंच पर छह जनवरी को पॉमिला ठाकुर के उपन्यास नायिका का लोकापर्ण किया गया।

साहित्यकार, पत्रकार नागेश भारद्वाज का निधन

सुंदरनगर – हिमाचल के मशहूर साहित्यकार, पत्रकार, रंगकर्मी और प्रगतिशील कवि नागेश भारद्वाज का देहांत हो गया। 68 वर्ष के नागेश भारद्वाज पिछले कुछ अर्से से बीमार चल रहे थे। करीब दो माह पहले लकवे की वजह से वह बिस्तर पर ही पड़ गए थे। उनके निधन से एक जुझारू और संघर्षशील लेखक अब इस दुनिया से विदा हो गया। नागेश भारद्वाज ने वर्षों मुंबई में रहकर अनेक फिल्मों के लिए लेखन किया। शाहरुख खान और रवीना टंडन के लिए ‘ये लम्हे जुदाई के’ की स्क्रिप्ट लिखी थी। इसके अलावा उन्होंने कई कहानियां और कविताएं भी लिखीं थीं। वहीं लेखक संघ के राज्य अध्यक्ष दीनू कश्यप, प्रो. सुंदर लोहिया, डा. विजय विशाल, हेमकांत कात्यायन, बीरबल शर्मा, मुरारी शर्मा, डा. गंगा राम राजी, कृष्ण चंद्र महादेविया, पवन चौहान, डा. जयइंद्र पाल सिंह, देशराज शर्मा, रवि राणा शाहीन, डा. कमल प्यास, धर्मपाल कपूर, रूपेश्वरी शर्मा, डा. आरके गुप्ता, रतन चंद निर्झर, प्रकाश चंद्र धीमान, पीसी कौंडल, भगत सिंह,  सीता राम वर्मा, उत्तम चंद शर्मा, राजेश कोतवाल, रतन लाल शर्मा, सुरेंद्र मिश्रा, भीम सिंह परदेशी सहित अनेक लेखकों ने भारद्वाज के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App