नड्डा की ताजपोशी पर दिल्ली में पहाड़ी नाटी

By: Jan 21st, 2020 12:05 am

पहाड़ी वाद्य यंत्रों से गूंज उठी नई दिल्ली; महेश्वर सहित कई विधायकों ने डाली नाटी, 20-01-20 भाजपा के लिए बड़ा दिन

नई दिल्ली में जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी के दौरान नाटी डालते महेश्वर सिंह व अन्य भाजपा कार्यकर्ता

शिमला – प्रदेश भाजपा के लिए 20 जनवरी, 2020 बड़ा दिन रहा, जब देश की सत्तादारी राजनीतिक पार्टी के बॉस की कमान जगत प्रकाश नड्डा को सौंपी गई। पहले से ही तय था कि जेपी नड्डा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा जाना है। इसके मद्देनजर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके सहयोगी मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित हजारों कार्यकर्ता जगत प्रकाश की ताजपोशी के लिए रविवार को दिल्ली पहुंच गए थे। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया से पहले और राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा होने तक दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नाटियों का दौर चलता रहा। हिमाचल की पूरी भाजपा इस अवसर पर दिल्ली में मौजूद रही। हिमाचली वाद्य यंत्रों से दिल्ली उस वक्त गूंज उठी, जब जगत प्रकाश नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन भर रहे थे। इस दौरान कुल्लू से पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष महेश्वर सिंह ने नाटी डाली। कुल्लू से पहुंची वाद्य यंत्रों की टीम की एक से बढ़कर एक धुन पर हर भाजपा कार्यकर्ता मुख्यालय में थिरकता रहा। यहां तक कि धर्मशाला विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक विशाल नेहरिया ने भी नाटी डाली। चंबा और जिला किन्नौर से भी पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते दिखे। जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया, तो वहां मौजूद हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं में अलग ही जोश देखा गया और नड्डा के नारे गूंजते रहे। हिमाचल प्रदेश से सभी मंडलों से पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान डा. राजीव बिंदल के साथ राष्ट्रीय परिषद सदस्य राकेश जम्वाल, राजेंद्र गर्ग, सुखराम चौधरी और रीटा धीमान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विश्व की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी के अध्यक्ष बनने पर जगत प्रकाश नड्डा को हार्दिक बधाई। हिमाचल की राजनीति से निकल कर आज भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना हिमाचल के लिए गर्व की बात है। संगठन को और भी मजबूती मिलेगी, साथ ही नई ऊर्जा भी आएगी

सतपाल सत्ती, भाजपा पूर्व अध्यक्ष

छोटे राज्य को बड़ा सम्मान

हमीरपुर — पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर खुशी व्यक्त की है। प्रो. धूमल ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी और देश के सबसे बड़े राजनीतिक दल में इस छोटे से प्रदेश को पार्टी की तरफ से दिया गया बहुत बड़ा सम्मान है। प्रो. धूमल ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की जनता बहुत खुश है और वह इस खुशी के मौके पर जगत प्रकाश नड्डा को एवं समस्त प्रदेशवासियों को इस बड़े सम्मान के लिए बधाई देते हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी बधाई

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में जगत प्रकाश नड्डा से मिलकर उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि हिमाचल के लिए यह गर्व की बात की यहां के एक नेता ने पार्टी संगठन में सर्वोच्च पद पर स्थान ग्रहण किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, मंत्रिमंडल के सदस्यों, सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं ने भी जगत प्रकाश नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।

अनुराग की शुभकामनाएं

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की शान जगत प्रकाश नड्डा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर अनंत शुभकामनाएं।  सामान्य कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक आसीन होना उनके त्याग, समर्पण व कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है। हमें पूर्ण विश्वास है कि जगत प्रकाश नड्डा के कुशल मार्गदर्शन में पार्टी नए कीर्तिमान बनाते हुए नई ऊंचाइयों को छुएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App