निजी स्कूलों में हो गीता पाठ, बनाए जाएं मंदिर

By: Jan 3rd, 2020 12:02 am

बेगूसराय – अपने बयानों के लिए चर्चित केंद्रीय मंत्री और बिहार के बेगूसराय से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह ने एक कार्यक्त्रम के दौरान कहा कि मिशनरी स्कूलों से पढ़कर विदेश जाने वाले ज्यादातर भारतीय बीफ खाना शुरू कर देते हैं। गिरिराज ने कहा कि छात्रों में संस्कार डालने के लिए निजी स्कूलों में गीता के श्लोकों की शिक्षा दी जानी चाहिए और स्कूल में मंदिर बनाया जाए, क्योंकि मिशनरी स्कूलों में बच्चे पढ़-लिखकर डीएम, एसपी और इंजीनियर तो बन जाते हैं, लेकिन वही बच्चे ज विदेश जाते हैं तो अधिककर गोमांस का भक्षण करते हैं। उन्हें वह संस्कार ही नहीं मिल पाता है। लिहाजा जरूरी है कि बच्चों को बचपन से ही स्कूलों में गीता का श्लोक और हनुमान चालीसा पढ़ाई जाए। गिरिराज ने भागवत कथा के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में अगर हम गीता का श्लोक और हनुमान चालीसा पढ़ाने की बात करेंगे तो लोग कहेंगे कि भगवा एजेंडा लागू किया जा रहा है। इसकी शुरुआत प्राइवेट स्कूलों से होनी चाहिए। उधर, भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने गिरिराज सिंह के गीता श्लोक के बयान पर कहा है कि गिरिराज सिंह ने जो कहा है, वह सही है। गीता की शिक्षा में ही सारे धर्मों की मूल भावनाएं हैं। पहले मौलिक शिक्षा पहली से पांचवीं तक शुद्ध मातृ भाषा में होनी चाहिए। बंगाल में बांग्ला, तमिलनाडु में तमिल, बिहार, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश में हिंदी पढ़ाया जाना चाहिए और संस्कृत को अनिवार्य कर देना चाहिए, तो ऐसे ही संस्कार ठीक हो जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App