पंजाब-हरियाणा में शीतलहर जारी
पंचकूला – पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को भी शीतलहर जारी है। तापमान में मामूली वृद्धि के बावजूद कुछ स्थानों पर तापमान हिमांक बिंदु के करीब पहुंच गया। बुधवार को हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि हरियाणा के नारनौल और पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री और 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकिए कुछ स्थानों पर घने कोहरे से थोड़ी राहत मिली, जो पिछले कुछ दिनों से पूरे इलाके में छाया हुआ है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री से 4.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हरियाणा सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि कड़ाके की ठंड के मद्देनजर उसके कार्यालयों का समय अब सुबह 9ः30 से शाम 5ः30 बजे तक होगा, जो पहले सुबह नौ से शाम पांच बजे तक था। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App