पाब गांव में बनेगा सुंदर खेल मैदान

By: Jan 4th, 2020 12:30 am

पांवटा साहिब –गिरिपार क्षेत्र में जिस प्रकार युवा नशे के दलदल में धंसते जा रहे हैं उन्हें इससे बाहर निकालने के लिए उनका लगाव खेलकूद की तरफ मोड़ना पड़ेगा और इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में खेल मैदान की कमी को दूर करना और खेलकूद की सुविधाएं जुटाने पर बल देना पड़ेगा। इसकी अहमियत शायद शिलाई क्षेत्र के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने भी समझी है और अपनी विधायक निधि से क्षेत्र में खेल मैदान बनाने पर बल दे रहे हैं। हाल ही में कांग्रेसी विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कफोटा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोकाला पाब के गांव पाब में खेल मैदान बनाने के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की तथा बीडीओ पांवटा को मौके का मुआयना करने को भी कहा। बीडीओ पांवटा साहिब गौरव धीमान मौके पर पहुंचे और मैदान बनने की संभावनाएं देखी। जानकारी के मुताबिक पांवटा विकास खंड के अंतर्गत आने वाली शिलाई विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बोकाला पाब के पाब गांव में नवयुवक मंडल द्वारा खेल मैदान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह मैदान मंडल द्वारा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलकूद की सुविधा मुहैया करवाने के लिए बनाया जा रहा है, ताकि युवा खेल की ओर अग्रसर रहें। इस खेल मैदान को युवा मंडल पाब ने अपने पैसों से बनाना प्रारंभ किया, जिसमें लगभग तीन लाख के आसपास राशि लग चुकी है। खेल मैदान बनाने को ओर राशि के लिए नवयुवक मंडल द्वारा शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान से गुहार लगाई, जिस पर विधायक हर्षवर्धन चौहान ने खेल मैदान बनाने के लिए 10 लाख की घोषणा की। साथ ही पांवटा विकास खंड अधिकारी गौरव धीमान को मौके पर भेजा और खेल मैदान का एस्टीमेट तैयार करने के लिए कहा। विकास खंड अधिकारी पाब के खेल मैदान को देखने पहुंचे जहां पर उन्होंने खेल मैदान का जायजा लिया और एस्टीमेट बनाने की प्रक्रिया शुरू की। उधर नवयुवक मंडल पाब के प्रधान जगदीश ठुंडू ने बताया कि कफोटा क्षेत्र में नशे की लत में युवा पीढ़ी धंसती जा रही है जिसको देखते हुए मंडल द्वारा खेल मैदान बनाने की ठानी, ताकि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे और खेल की ओर अधिक ध्यान दें। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में एकमात्र कफोटा स्कूल का खेल मैदान है जो कि बहुत ही छोटा है। जहां पर कम समय पर खेल को खेला जाता है क्योंकि वहां मैदान स्कूल का है। उन्होंने बताया कि उनके मंडल द्वारा युवा पीढ़ी को खेल की दिशा में आगे बढ़ाना है यह उनका मुख्य उद्देश्य है। क्लब के प्रधान जगदीश ठुंडू, उपाध्यक्ष टीआर शर्मा, महासचिव कृपा शर्मा, प्रबंधक विनोद शर्मा, सेके्रटरी कबूल, मंडल के सहयोगी राजपाल ठाकुर, सोमदत्त शर्मा, विजय ठाकुर, सुनील दत्त, ब्रह्मनंद शर्मा, सुमेर चंद शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, संजीव ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर, राजेश शर्मा, देवेंद्र ठाकुर, दिनेश चौहान, दिनेश शर्मा, दया राम शर्मा, अंशुल शर्मा, अनु शर्मा, सोहन सिंह, पप्पू ठाकुर, शेरजंग शर्मा, सीता राम शर्मा, प्रवेश शर्मा, संजीव शर्मा, रोबिन सिंह सहित पंचायत के प्रधान खेऊटा राम शर्मा और उपप्रधान अनिल चौहान ने शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान का धन्यवाद किया है जिन्होंने युवा मंडल को खेल मैदान बनाने के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। इस बारे पांवटा विकास खंड अधिकारी गौरव धीमान ने बताया कि 10 लाख रुपए शिलाई विधायक की ओर से खेल मैदान बनाने के लिए और इस वर्ष 2020 में विकास खंड पांवटा की ओर से भी खेल मैदान में मनरेगा के तहत पांच लाख खर्च किए जाएंगे, जिसमें खेल मैदान के लिए रास्ता, क्रेट वॉल, मैदान की कटिंग, प्लांटेशन आदि कार्य करवाए जाएंगे। विधायक शिलाई हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वह चाहते हैं कि युवा नशे से दूर रहकर खेलकूद की तरफ अपना ध्यान दें। इसलिए गांवों मे खेल मैदान निर्माण को वह तरजीह देते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App