पूरे देश में खिलाएंगे कमल

By: Jan 21st, 2020 12:12 am

भाजपा अध्यक्ष बनते ही जेपी नड्डा ने लिया संकल्प, हिमाचल के लिए स्वर्णिम दिन

शिमला – भारतीय जनता पार्टी का निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद जेपी नड्डा ने सोमवार को पहली बार कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूरे देश में कमल को पहुंचाने का संकल्प लिया। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुए स्वागत समारोह में  नए अध्यक्ष ने कहा कि देश में सबसे मजबूत पार्टी भाजपा है। सबसे ज्यादा सांसद और विधायक हमारे पार्टी से है।  हम रुकने वाले नहीं हैं। अभी भी कुछ प्रदेश बच गए हैं। वहां भी हमारा निशाना पूरा है। आने वाले समय में हम पूरे भारत में भाजपा के कमल को पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि जो विश्वास, जो सहयोग, मुझमें व्यक्त किया गया है, उसका मैं आभार व्यक्त करता हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया कि मैं यह पद संभालू। मैं धन्यवादी हूं प्रदेश की इकाइयों का, जिन्होंने मुझे निर्विरोध चुना है। इससे पहले हिमाचल से राज्यसभा के सदस्य जगत प्रकाश नड्डा को सर्वसम्मति से पार्टी ने अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। यह पहला मौका है कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे से राज्य से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है, जो हिमाचल के लिए भी गौरव की बात है। पार्टी के संगठन चुनाव प्रभारी राधामोहन सिंह ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की सारी संवैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। जगत प्रकाश नड्डा 2019 से 2022 के लिए सर्वानुमति से अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर निवर्तमान अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने श्री नड्डा को बधाई दी। नड्डा की ताजपोशी में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, समस्त मंत्रिगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा नेता उपस्थित रहे। जगत प्रकाश नड्डा ने छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू किया था, जो अब इस मुकाम तक पहुंच गए हैं। हिमाचल मंत्रिमंडल में वह दो बार मंत्री रहे, जिन्होंने पहले स्वास्थ्य मंत्री और फिर वन मंत्री का दायित्व संभाला। इसके बाद वह राष्ट्रीय राजनीति में पहुंचे और केंद्र में भी स्वास्थ्य मंत्री रहे। सीधे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद नड्डा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा, जिसका नतीजा यह रहा कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से सुशोभित कर दिया है। इससे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। सुबह जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा मुख्यालय दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनावों के लिए नामांकन भरा और सर्वसम्मति से उनके नाम का चयन कर लिया गया। हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नड्डा की ताजपोशी के समारोह में शामिल हुए। दिल्ली पहुंचे हिमाचल कार्यकर्ताओं का हिमाचल भवन दिल्ली में एकत्रीकरण हुआ, वहां से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता बहुत जोश और नड्डा की प्रशंसा में नारे लगाते हुए दिल्ली मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल साथ थे। हिमाचल प्रदेश के सभी मंडलों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। उनकी नियुक्ति से हिमाचल का नाम एक बार फिर स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में भाजपा प्रतिनिधिमंडल, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल द्वारा की गई, ने जगत प्रकाश नड्डा का एक नामांकन पत्र भरा जिसमें केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य एवं भाजपा प्रदेश के राष्ट्र्रीय परिषद के सदस्य और पदाधिकारी गण ने भी हस्ताक्षर किए। भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के अंतर्गत पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधामोहन सिंह ने जेपी नड्डा को वर्ष 2019-22 तीन साल के लिए निर्विरोध भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। इस एतिहासिक मौकेपर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि आज का दिन हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे प्रदेश के लिए गौरव का दिन है। नड्डा की मेहनत लगन और निष्ठा का यह परिणाम है कि वह आज इन ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री के साथ काम करते हुए वह आज देश के सबसे बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से सभी मंडलों से 5000 से अधिक कार्यकर्ता जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी में भाग लेने पहुंचे हैं। चाहे वह किन्नौर हो या चंबा, सभी जगह से कार्यकर्ता आए हैं। कार्यकर्ता परंपरागत वाद्य यंत्रों के साथ एवं वेशभूषा में हिमाचल से आए हैं और हिमाचल प्रदेश में जगत प्रकाश नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बहुत उत्साह है।

पटना से शिमला तक छात्र राजनीति का अनुभव

हिमाचल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान वह छात्र राजनीति में एक्टिव रहे और फिर भाजपा में एंट्री ली। वह तीन बार भाजपा के टिकट पर हिमाचल विधानसभा पहुंचे। 1993-98, 1998 से 2003 और फिर 2007 से 2012 तक वह विधायक रहे। यही नहीं 1994 से 1998 तक वह प्रदेश की विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता भी रहे।

1991 से ही हैं पीएम मोदी के करीबी

जेपी नड्डा को पीएम नरेंद्र मोदी के करीबी लोगों में से एक माना जाता है। इसकी वजह शायद यह भी है कि 1991 में जिस दौर में जेपी नड्डा युवा मोर्चा की कमान संभाल रहे थे, तब पीएम मोदी पार्टी के महासचिव थे। माना जाता है कि दोनों नेताओं के बीच तभी से घनिष्ठता है।

स्वास्थ्य मंत्रालय छोड़ बने कार्यकारी अध्यक्ष

नरेंद्र मोदी सरकार 2019 में दोबारा वापस आई और शाह को कैबिनेट में गृह मंत्री का ओहदा दिया गया, लेकिन सवाल यह था कि आखिर पार्टी कौन संभालेगा। एक बार फिर से पीएम मोदी ने नड्डा पर भरोसा जताया और वह जुलाई, 2019 में स्वास्थ्य मंत्रालय छोड़ संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर आ गए।

यूपी में कमाल के बाद और बढ़ा कद

जेपी नड्डा के कद में तब अप्रत्याशित इजाफा हुआ, जब उन्होंने 2019 में राजनीतिक तौर पर बेहद महत्त्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में 62 लोकसभा सीटें पार्टी को दिलाईं। वह सूबे में चुनावी रणनीति का जिम्मा संभाल रहे थे, जहां 2014 में भाजपा को अकेले दम पर 71 सीटें मिली थीं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App