फिर घूमने  लगीं घंटाघर की सूइयां

By: Jan 19th, 2020 12:20 am

मंडी – वर्षों से खराब पड़े मंडी शहर के ऐतिहासिक घंटाघर की सूइयां अब एक बार फिर से दौड़ पड़ी हैं। कोलकाता से मेकेनिक आने के इंतजार में बैठे घंटाघर में मंडी के ही एक आम इनसान ने नई जान डाल दी है।जिन घंटाघर की घडि़यों को ठीक करवाने के लिए कोलकाता से लाखों रुपए खर्च करके कारीगर बुलाने पड़ते थे, उस घंटाघर की बंद पड़ी घडि़यों को एक कार मेकेनिक ने रफ्तार दे दी है। मंडी शहर के साथ लगते ब्राधीवीर में कार मेकेनिक का काम करने वाले सन्नी ने यह कार्य करके दिखाया है। सन्नी मूलतः मंडी शहर के मंगवाईं का रहने वाला है और पिछले करीब 32 सालों से कार मेकेनकी का कार्य कर रहा है। इससे पहले सन्नी घडि़यों की मरम्मत का कार्य भी करता था। सन्नी की तमन्नाभी थी कि वह शहर के ऐतिहासिक घंटाघर को ठीक करने में अपना योगदान दे सके। यह बात नगर परिषद के ध्यान में लाई गई और फिर क्या था,  सन्नी को घंटाघर को फिर से शुरू करने का मौका मिल गया। इसके बाद सन्नी ने ऐतिहासिक घंटाघर के सारे मेकेनिज्म को समझा और इसकी मर्ज को ढूंढ निकाला। मर्ज का समाधान करते ही घड़ी की सूइयां दौड़ने लग गई हैं और सही समय दिखाना शुरू कर दिया। सन्नी ने बताया कि उसे घंटाघर को ठीक करके खुशी महसूस हो रहा है। घंटाघर में जो भी छोटी मोटी कमी रही होगी, उसे भी जल्द ही दूर कर दिया जाएगा। उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने घंटाघर को ठीक करने के लिए सन्नी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि घंटाघर सही तरह चले, इसके लिए कोलकाता से कारीगर बुलाकर पूरी मरम्मत करवाई जाएगी। अगर जरूरत हुई तो कलपुर्जे भी बदले जाएंगे, ताकि घंटाघर सही तरह से काम करे और जनता को सही समय बताए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App