बिंदल ने भरा नामांकन, आज बनेंगे भाजपा अध्यक्ष

By: Jan 18th, 2020 12:17 am

पद के लिए आया एक ही नामांकन, सिर्फ आधिकारिक घोषणा बाकी

शिमला – भाजपा नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने पार्टी कार्यालय दीप कमल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में अपना नामांकन भरा। दोपहर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ उनके मंत्री दीपकमल पहुंचे] जहां पर उनका स्वागत किया गया। पार्टी अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती यहां मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा चुनाव अधिकारी एवं मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन भरे गए ,जिसके लिए एक ही नामांकन आया है, जिसके दो सैट थे। ये दोनों डाक्टर राजीव बिंदल के ही थे। पहले नामांकन सेट को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं सभी मंत्रियों ने प्रस्तावित किया और दूसरे नामांकन सेट को शिमला संसदीय क्षेत्र के सभी विधायकों ने एवं समस्त पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित किया। उन्होंने बताया कि भाजपा राष्ट्रीय परिषद के लिए राकेश जमवाल ने मंडी संसदीय क्षेत्र से, सुखराम चौधरी ने शिमला संसदीय क्षेत्र से, रीता धीमान ने कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से और राजिंदर गर्ग ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से नामांकन भरा है। यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए डा.बिंदल ने अपना नामांकन भरा है, क्योंकि संगठन पूरी तरह से लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत चलता है। यहां कई नेता इस मौके पर पहुंचे थे, जिनमें खासा उत्साह था। शनिवार को आधिकारिक रूप से भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App