सबसे बड़े जिले में सबसे ज्यादा क्राइम

By: Jan 22nd, 2020 12:01 am

कांगड़ा में हर दिन दर्ज हो रहे क्रिमिनल केस, मंडी जिला दूसरे और राजधानी तीसरे नंबर पर

पालमपुर – प्रदेश के सबसे बड़े जिला में क्राइम के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। सालाना दर्ज अपराधों की संख्या के मामले में पिछले साल जिला शिमला दूसरे और जिला मंडी तीसरे स्थान पर हैं। कांगड़ा एकमात्र जिला है, जहां दर्ज मामलों का ग्राफ तीन हजार के आंकड़े को पार कर गया और जिला में कुल 3841 मामले दर्ज हुए। यानी कांगड़ा जिला रोजाना औसतन दस अपराधों का गवाह बन रहा है। 2019 में प्रदेश भर में दर्ज हुए मामलों में करीब 19 फीसदी जिला कांगड़ा में ही दर्ज किए गए। प्रदेश के केवल तीन जिला ऐसे रहे, जहां साल भर में दर्ज हुए आपराधिक मामलों का आंकड़ा एक हजार से कम रहा। जिला हमीरपुर में यह संख्या 938, जिला किन्नौर में 338 और जिला लाहुल-स्पीति में 141 रही। कांगड़ा जिला के बाद दूसरे नंबर पर 2917 दर्ज मामलों के साथ जिला मंडी और 2674 मामलों के साथ जिला शिमला का नाम शामिल है। इसके अलावा 2019 में जिला उना में कुल 1320, जिला बिलासपुर में 1460, जिला कुल्लू में 1639, जिला सिरमौर में 1402, जिला सोलन में 1005 और जिला चंबा में 1183 मामले विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हुए। मर्डर के सबसे अधिक 15 मामले जिला कांगड़ा में सामने आए, तो जिला चंबा में हत्या के दस और जिला शिमला में नौ मामले दर्ज किए गए। रेप के सबसे ज्यादा 62 मामले जिला शिमला में सामने आए, तो जिला मंडी में 50 और जिला सिरमौर में 40 मामले दर्ज हुए। आंकड़ों के अनुसार जिला लाहुल-स्पीति में 2019 में रेप और मर्डर का एक भी मामला सामने नहीं आया। फोरेस्ट एक्ट के तहत सबसे ज्यादा 35 मामले जिला शिमला में दर्ज किए गए, तो 30 दर्ज मामलों के साथ जिला मंडी इस सूची में दूसरे स्थान पर रहा। जिला किन्नौर में एक और जिला लाहुल-स्पीति में फोरेस्ट एक्ट के तहत कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ।

ये हैं 2019 के आंकड़े

जिला      मामले

कांगड़ा    3841

मंडी        2917

शिमला    2674

कुल्लू      1639

जिला      मामले

बिलासपुर 1460

सिरमौर    1402

ऊना       1320

चंबा       1183

जिला      मामले

सोलन     1005

हमीरपुर    938

किन्नौर    338

ला.स्पीति  141


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App