सरकारी डिपुओं में अभी 40 क्विंटल प्याज

By: Jan 22nd, 2020 12:01 am

कारपोरेशन ने मांगी स्टॉक की जानकारी, खेप जल्द खत्म करने के निर्देश

शिमला – शहरी क्षेत्रों में मौजूद सिविल सप्लाई कारपोरेशन के डिपुओं में लगभग 40 क्विंटल प्याज अभी पड़ा हुआ है। कारपोरेशन ने सभी डिपुओं से प्याज के स्टॉक की जानकारी मांगी है। निगम चाहता है कि जल्द से जल्द प्याज की खेप खत्म हो जाए, ताकि उसे नुकसान न उठाना पड़े। बता दें कि पहले ही प्याज के दामों को लेकर विवाद चल रहा है। डिपुओं में प्याज का जो रेट है, वही रेट बाजार में भी है। ऐसे में सस्ता प्याज दिए जाने के सरकार के दावे तो पहले ही खारिज हो चुके हैं। कई जगह मार्केट में डिपुओं से कम दरों पर प्याज मिल रहा है, वहीं कई जगहों पर मार्केट में प्याज के दाम 70 रुपए प्रति किलो तक कर दिए गए हैं। इस तरह से निगम चाहता है कि प्याज की खेप को जल्द से जल्द निपटा दिया जाए। वहीं, अब प्याज बेचने को लेकर डिपुओं में यह शर्त नहीं रही है कि प्रतिव्यक्ति कितना प्याज देना है। डिपो में मनमर्जी से प्याज दिया जा रहा है। जिसे जितना चाहिए, उसे उतना प्याज मिलने लगा है। यदि समय रहते प्याज को डिपुओं से नहीं बेचा गया तो यह खराब हो सकता है, जिससे सिविल सप्लाई को नुकसान हो जाएगा। बता दें कि प्रदेश के डिपुओं तक प्याज को लाने के लिए जो मालभाड़ा सरकार का खर्च हुआ है, वह केंद्र सरकार ही देगी। इस मालभाड़े के रूप में छह से सात करोड़ रुपए की राशि हिमाचल को मिल जाएगी, जिसके लिए पहले ही केंद्रीय मंत्रालय ने कह दिया था। अब इस पर सिविल सप्लाई ने अपने खर्च का ब्यौरा सरकार को दिया है और उसने आगे केंद्रीय मंत्रालय को यह राशि जारी करने की डिमांड कर दी है।जल्दी ही यह पैसा प्रदेश को मिल जाएगा। अब इसके बाद सिविल सप्लाई प्याज नहीं मंगवाएगा। हालांकि सिविल सप्लाई प्याज नहीं बेचता है। यह प्याज केवल इसीलिए मंगवाया गया था, क्योंकि बाजार में प्याज के दाम काफी ज्यादा थे। वहीं, लोगों को राहत देने के लिए ऐसा किया गया, मगर प्याज यहां तक आने में करीब दो महीने लग गए और उतने में प्याज के दाम बाजार में ही कम हो गए। इन हालातों में अब डिपुओं से जल्द से जल्द प्याज को खत्म करने की चुनौती सामने है। यही वजह है कि सिविल सप्लाई ने सभी डिपुओं से उनके पास मौजूद प्याज के स्टॉक की विस्तृत जानकारी मांगी है। बताया जाता है कि अभी भी 40 क्विंटल के करीब प्याज बचा हुआ है, जबकि सरकार ने 120 क्विंटल प्याज मंगवाया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App