सीएए के समर्थन में प्रदेश व्यापी अभियान

By: Jan 5th, 2020 12:02 am

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष बराला बोले, कानून समुदाय के पक्ष-विपक्ष में नहीं

सिरसा –हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून किसी भी समुदाय के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। विपक्ष की ओर से इसके विरोध में फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने के लिये जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) से देश के मुस्लिमों को कोई खतरा नहीं है, लेकिन विपक्ष मुस्लिमों को गुमराह करके दंगे भड़काने का काम कर रहा है। सीएए के प्रति फैलाई जा रही अफवाहों और भ्रांतियों को दूर करने के लिए भाजपा की ओर से हरियाणा में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में अभियान चलाकर जनता को जागरूक किया जाएगा। श्री बराला आज यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष शरणार्थियों की बजाय घुसपैठियों का समर्थन कर रहा है। देश के मुस्लिमों को बरगला रहा है। हरियाणा में नागरिकता संशोधन एक्ट के मुद्दे पर प्रदेश व्यापी जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी जिलों, कस्बों में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन, जिला स्तरीय जागरुकता रैलियों का आयोजन, समाज के अग्रणी एवं बुद्धिजीवियों के साथ सीधा संवाद तथा आम जनता के बीच नुक्कड़ बैठकों का आयोजन किया जाएगा।   उन्होंने बताया कि  मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कल से नागरिकता संशोधन कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जन जागरण अभियान की शुरुआत करेंगे । अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र व प्रदेश स्तरीय नेता भी जन-जन तक अपनी बात पहुंचाएंगे। श्री बराला ने कहा कि भाजपा ने जो बातें अपने संकल्प पत्र में कही थी उन्हें करके दिखाया है। नागरिकता संशोधन कानून भी हमारे लोकसभा के संकल्प पत्र में शामिल था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App