सीएम से केक कटवा मनाया जन्मदिन

By: Jan 25th, 2020 12:22 am

महेंद्र सिंह ठाकुर के जन्मदिन पर धर्मपुर को मिली सौगातें, सीएम ने की जमकर तारीफ

धर्मपुर –आईपीएच मंत्री एवं धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर के 70वें जन्मदिवस पर धर्मपुर विस के लिए एक बार फिर से जमकर तोहफों की बरसात हुई। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के जन्मदिवस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी शुक्रवार को धर्मपुर पहुंचे और 270 करोड़ से अधिक योजनाओं के उद्घाटन शिलान्यास किए। यही नहीं, उन्होंने महेंद्र सिंह ठाकुर की सभी मांगों को स्वीकार करते हुए कई घोषणाएं भी कीं। बरोटी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपना 70वां जन्मदिवस मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हाथों जन्मदिन का केक काट कर मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और जमकर उनकी तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह ठाकुर कई वर्षों से धर्मपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और धर्मपुर को विकास के इस आयाम तक पहुंचाने का श्रेय उन्हें ही जाता है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह ठाकुर इसी तरह धर्मपुर की सेवा लंबे समय तक करते रहें। वहीं, इस अवसर पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सभी विकासात्मक मांगों को पूरा किया है और आज यह क्षेत्र प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए उदाहरण बन गया है। उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर तक मिनी सचिवालयों का निर्माण किया गया है, जो क्षेत्र के विकास को दर्शाता है। उन्हांेने कहा कि दो वर्षों में धर्मपुर ने जो भी मुख्यमंत्री से मांगा मिला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App