सैनिकों के अनाथ बच्चों को अब 20 हजार

By: Jan 4th, 2020 12:30 am

पेंशन लगने तक सैनिक कल्याण बोर्ड करेगा आर्थिक मदद, पहले मिलते थे 10 हजार

हमीरपुर-अनहोनी के कारण अनाथ हुए सैनिकों के बच्चों के हित में सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। इसके अनुसार सैनिक के अनाथ बच्चों को पेंशन लगने तक उसे आर्थिक मदद के तौर पर राज्य सैनिक बोर्ड 20 हजार रुपए देगा। हालांकि यह राशि वन टाइम दी जाएगी। बताया जा रहा है कि अनहोनी होने के उपरांत पेंशन की औपचारिकताएं पूरा करने में कुछ वक्त लग जाता है। इस समय अनाथ हुए बच्चों को किसी तरह ही आर्थिक मदद नहीं मिल पाती। इसके लिए ही यह फैसला लिया गया है। अब विपदा के समय अनाथ हुए सैनिकों के बच्चों को राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड तुरंत फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपए देगा। इन पैसों से पेंशन लगने तक के समय का खर्च निकल जाएगा। यह राशि पहले दस हजार रुपए थी। इसे बढ़ाकर प्रदेश सरकार ने दोगुना कर दिया है। बता दें कि आर एंड आर फंड से सैनिकों के अनाथ बच्चों को पेंशन लगते तक वन टाइम राहत पहुंचाने का प्रावधान है। पेंशन लगने से पहले उन्हें सैनिक कल्याण बोर्ड की तरफ से यह पैसा एक बार दिया जाता है। अब इस पैसे को बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है। गौर हो कि काफी समय पहले इसका प्रोपोजल तैयार कर हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड ने अप्रूवल के लिए प्रदेश सरकार को भेजा थी। इस पर प्रदेश सरकार ने अपनी मुहर लगा दी है। मंजूरी मिलने के बाद अब इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। जाहिर है कि कई बार पूर्व सैनिकों के बच्चे अनाथ हुए हैं। पूर्व सैनिक की मौत के बाद किन्ही कारणों उनकी पत्नी का भी देहांत हो गया। ऐसी हालत में अनाथ हुए बच्चों को पिता की पेंशन लगने में समय लग जाता है। पूरे प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के उपरांत ही पेंशन का लाभ मिलना शुरू होता है। बेटे को 18 साल की उम्र तक पेंशन लगती है, जबकि बेटी को उसके विवाह तक इसका लाभ मिलता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App