हिमाचल में अभी भी 127 सड़कें बंद

By: Jan 20th, 2020 12:25 am

शिमला जोन में सबसे ज्यादा मार्ग अवरुद्ध, बार-बार बर्फबारी से बढ़ रही दिक्कत

शिमला-हिमाचल में अभी भी जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौट पाया है। राज्य में अभी भी 127 सडकें यातायात के लिए अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। सड़कों के अवरुद्ध  होने से जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि लोक निर्माण विभाग द्वारा अवरुद्ध  सड़कों को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है, मगर बार-बार हो रही बर्फबारी सड़कों को बहाल करने में आढ़े आ रही है। शिमला जोन में सबसे ज्यादा सड़कें यातायात के लिए बंद है। शिमला जोन में अभी भी 88 सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हुई है। शिमला जोन के रामपुर सर्किल में 69 सड़कें यातायात के लिए ठप पड़ी हुई है। वहीं रोहडू में 16 और शिमला सर्किल में तीन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही थमी हुई है। मडी जोन में 19 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। मडी जोन के मंडी सर्किल में आठ व कुल्लू सर्किल में 11 सडकें यातायात के लिए अवरुद्ध हैं। कांगडा जोन में 18 मार्ग यातायात के लिए ठप पडे़ हुए हैं।   सभी 18 सड़कें डलहौजी सर्किल में बंद हैं। सड़कों के अवरुद्ध होने से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा दावा किया जा रहा है कि 127 बंद सड़कों में से रविवार देर शाम तक 54 सड़कें  यातायात के लिए बहाल हो जाएंगी। 35 सड़कें सोमवार शाम तक और 38 सड़कें 21 जनवरी तक वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएंगी। शिमला में दो एनएच भी यातायात के लिए बाधित चल रहे हैं।

पीडब्ल्यूडी को 128 करोड़ की चपत

हिमाचल में विंटर सीजन लोक निर्माण विभाग को करोड़ों की चपत लगा चुका है। लोक निर्माण विभाग को अब तक 128 करोड़ का नुकसान हो चुका है। बर्फबारी से कांगड़ा जोन में सबसे ज्यादा नुकसान रिकार्ड किया गया है। कांगड़ा जोन में अब तक 8489.11 लाख की चपत लग चुकी है। वहीं शिमला में 2262.85 लाख और मडी जोन में 1427.50 लाख का नुकसान आंका जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App