हिमाचल में थमी हादसों की रफ्तार

By: Jan 21st, 2020 12:30 am

2019 में चार हजार से कम रहा ग्राफ, हर दिन हो रही आठ दुर्घटनाएं

पालमपुर – लगातार छह साल तक तीन हजार के पार रहने वाले सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ 2019 में इस आंकड़े से कम रहा है। 2013 से लेकर 2018 तक प्रदेश में तीन हजार से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हुई थी, जबकि 2019 में यह आंकड़ा 2897 रहा है। सड़क दुर्घटनाओं के सालाना ग्राफ में कमी कुछ राहत जरूर प्रदान कर रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश हर दिन औसतन आठ दुर्घटनाओं का गवाह बन रहा है। बीते दस वर्ष की अवधि में यह पहला मौका रहा, जब सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ 29 सौ से कम रहा है। 2010 से लेकर 2019 तक प्रदेश में सालाना सड़क दुर्घटनाओं के दर्ज मामलों का आंकड़ा तीन हजार के आसपास ही रहा है। 2010 में 3069 और 2011 में 3099 सड़क दुर्घटनाएं सामने आई, तो 2012 में यह आंकड़ा 2901 और 2981 रहा। 2013 से 2018 तक हर साल तीन हजार से अधिक सड़क दुर्घटनाओं के मामले दर्ज हुए। 2019 में बीत दस वर्ष के दौरान पहले बार सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ 29 सौ से कम रहा और 2897 मामले दर्ज हुए। दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेल्मेट न पहनना व तेज रफ्तार से चलना काफी घातक साबित हो रहा है। वहीं, बड़े वाहनों में लापरवाही से वाहन चलाने के साथ अनेक स्थानों पर सड़कों की खस्ताहालत भी एक्सीडेंट का कारण बन रही है। प्रदेश में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, वहीं स्कूली बच्चों को भी यातायात संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। तेज गति से वाहन दौड़ाने को प्रदेश का युवा अपना शौक बना रहे हैं और किशोर वाहन चालकों द्वारा रैश ड्राइविंग के कारण राह चलते लोगों को चोट पहुंचाने के मामलों की संख्या के आधार पर प्रदेश चिंताजनक तौर से राष्ट्रीय स्तर पर टॉप टेन प्रदशों की सूची में शामिल है।

रोड एक्सीडेंट्स में 1199 की जान गई

2019 में पिछले एक दशक के दौरान सबसे कम सड़क हादसे सामने आए, लेकिन इनमें जान गंवाने वालों की संख्या 12 सौ के करीब रही। 2019 में 2897 सड़क हादसों में 1199 लोगों की मौत हो गई जबकि घायलों का आंकड़ा 4737 रहा। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक 1353 मौतें 2011 में हुई थी।

साल      दुर्घटनाएं मौतें       घायल

2010      3069      102        5325

2011      3099      1353      5462

2012      2899      1109      5248

2013      2981      1054      5081

2014      3058      1199      5680

2015      3010      1097      5109

2016      3153      1163      5587

2017      3119      1176      5338

2018      3119      1168      5444

2019      2897      1199      4737


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App