अनुराग-जयराम के बीच दरार पैदा करने के प्रयास

By: Feb 5th, 2020 12:05 am

ऊना पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल बोले कुछ स्वार्थी लोग बेवजह दे रहे मामले को तूल

ऊना – शहर के राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल

ऊना – कुछ लोग मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर के मध्य दूरियां पैदा करने के प्रयासों में जुटे हैं। यह बात पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने कही। ऊना में एक धार्मिक समागम में शिरकत करने आए पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने अनुराग व जयराम ठाकुर के बीच खटास की चर्चाओं पर कहा कि कुछ स्वार्थी लोग दोनों के रिश्ते में दरार पैदा करना चाह रहे है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच संबंध मधुर हैं। शिमला व धर्मशाला की घटना को अपने-अपने अंदाज में पेश करने व देखने का काम किया गया है। मुझे इसमें कोई खटास नजर नहीं आती। सोशल मीडिया पर राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम हो रहा है। प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि अनुराग उम्र में जयराम से छोटे हैं। दोनों के हितों में कोई टकराव नहीं है। उधर, सीएम जयराम ठाकुर व अनुराग ठाकुर के बीच दूरियों के मामले को ऊना पहुंचे पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के प्रति सरकारी अमले की बेरुखी ने इसे और हवा दे दी। ऊना में एक धार्मिक समागम में शिरकत करने पहुंचे प्रेम कुमार धूमल से प्रशासनिक अमले ने पूरी तरह से दूरी बनाए रखी। हालांकि पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने इसे आधिकारिक दौरा न बताकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया, लेकिन धूमल समर्थकों में प्रशासन की इस बेरुखी की सुगबुगाहट साफ तौर पर देखने को मिली। यहीं नही, कई प्रमुख भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी धूमल के दौरे से दूरी ही बनाए रखी।

अवैध खनन से हो रही भाजपा सरकार की बदनामी 

पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने अवैध खनन पर सरकार को नसीहत दी है। श्री धूमल ने कहा कि स्वां नदी तटीकरण मेरा सपना रहा है। भाजपा सरकार के समय हमने इस कार्य को गति दी। मुझे दुख है कि कुछ लोग लालच में आकर इस महत्त्वपूर्ण परियोजना को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अवैध खनन से सरकार की बदनामी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करे।

क्या कांग्रेस सरकार ने कभी कर्ज नहीं लिया

राज्य सरकार के कर्ज लेने के निर्णय पर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस तो ऐसी बोल रही है, जैसे कांग्रेस ने कभी कर्ज लिया ही नहीं है। उन्होंने कहा कि 2007-12 तक हमारे कार्यकाल में 6,672 करोड़ का कर्ज लिया गया था। सरकार द्वारा पांचवें वित्तयोग को लागू करने के साथ ही विकास को गति दी गई थी। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही कर्ज पर कर्ज लिए, जिससे आने वाली सरकारें कर्ज व ब्याज चुकाने के लिए भी कर्ज लेने के लिए मजबूर हो रही हैं। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App