ओलों की बारिश से सोलन की सड़कें सफेद

By: Feb 25th, 2020 12:23 am

दोपहर बाद बदली मौसम ने करवट, दोपहिया वाहन चालकों व राहगीरों को झेलनी पड़ी दिक्कत, 2.4 डिग्री लुढ़का पारा

सोलन –सोलन में सोमवार दोपहर बाद एकाएक मौसम ने करवट बदल ली। आलम यह कि पहले तो बारिश हुए। उसके बाद जमकर ओले बरसे। ओलों की बरसात करीब 10 से 15 मिनट तक होती रही। इस बीच शहर की रफ्तार कुछ समय के लिए थम गई। जो जहां था वहीं का वहीं रह गया। जो कोई पैदल चल रहा था वो भी भागता हुआ ही नजर आया। यहां तक की गाडि़यों की आवाजाही भी काफी हद तक कम हो गई और शहर की सड़कें सुनसान लगने लगी। ओलो की बरसात सायं करीब चार बजकर चालीस मिनट पर शुरू हुई है करीब पांच बजे तक चलती रही। सबसे अधिक कठिनाई दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को झेलनी पड़ी। इस मौसम में यह पहली बार हुआ जब इस तरह ओलो ने अपना रौब दिखाया। हालांकि बीते तीन दिन से दोपहर बाद हल्की बारिश हो रही है। इस कारण यहां बढ़ते तापमान पर भी रोक लग गई हैं और तापमान ने गोता लगाना आरंभ कर दिया है।  मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार बारिश और ओलो से शहर के न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई है। ओलो की बारिश के चलते फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बहरहाल, एक सप्ताह पूर्व बढ़ी गर्मी अब सर्दी में तबदील हो गई है। जिन लोगों ने गर्म कपड़े पैक कर दिए थे, उन्होंने अब इन्हें दोबारा से निकालना आरंभ कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App