कोरोना वायरस का कहर : 24 घंटे में 254 की मौत

By: Feb 14th, 2020 12:05 am

चीन में एक दिन में 15152 नए मामले आए सामने

बीजिंग – चीन में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 15 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं और 254 लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1367 हो गई है। स्थानीय स्वास्थ्य आयोग के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग को पिछले 24 घंटों में  31 प्रांतों से  15,152 कोरोना वायरस के नए पुष्ट मामलों की सूचना मिली है, जिनमें 174 मामले काफी गंभीर हैं। इसके अलावा 254 लोगों की मौत हो गई है और 1171 लोगों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस  के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 59,804 हो गई है और मृतकों की संख्या बढ़कर 1,367 हो गई  है। इस समय 52,526 लोग बीमार हैं और 8,030 लोगों की हालत गंभीर है। अब तक अस्पताल से 5,911 लोगो को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

अभी खात्मे की भविष्यवाणी करना जल्दबाजी

जेनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएसओ) ने कहा है कि चीन में कोरोना वायरस के नए मामलों में कमी आने के बावजूद इसके खात्मे के बारे में अभी भविष्यवाणी करना बहुत जल्दबाजी होगी। गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, डब्ल्यूएसओ के महानिदेशक ट्रेडोस अधनोम घेब्रेयसुस ने कहा कि यह महामारी अभी भी किसी भी दिशा में बढ़ सकती है। इससे पहले, चीन ने कोरोना वायरस के नए मामलों की जानकारी दी, जो पिछले दो हफ्तों में प्रतिदिन के हिसाब से सबसे कम है।

हुबेई में टॉप पॉलिटिकल लीडर पर गिरी गाज, किया बर्खास्त

पेइचिंग। चीन में करॉना वायरस के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई शहरों में लोगों को जेल जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि संक्रमण को रोकने के लिए शहरों को सील कर दिया गया है। उधर, इसका असर पॉलिटिकल पार्टी पर भी पड़ा। कोरोना के केंद्र हुबेई प्रांत के शीर्ष राजनीतिक नेता को बर्खास्त कर दिया गया है। खबर के अनुसार हुबेई के पार्टी सचिव जियांग चोलियांग को हटाया गया है और उनका स्थान शंघाई के मेयर यिंग योंग लेंगे।

जहाज में फंसे भारतीयों के टच में सरकार

नई दिल्ली। जापान के तट पर खड़े जहाज डायमंड प्रिंसेस में फंसे भारतीयों को लेकर सरकार एक्टिव हो गई है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि वह जहाज में मौजूद चालक दल और यात्रियों के लगातार संपर्क में है। जापानी अधिकारियों की मदद से उन तक हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी है। विदेश मंत्री ने कहा कि जापान में हमारा दूतावास क्रू मेंबर्स और यात्रियों के लगातार संपर्क में है। यात्रिओं और क्रू मेंबर्स को डापानी अधिकारियों द्वारा अलग रखा गया है।

अब तक अढ़ाई लाख यात्रियों की स्क्रीनिंग

कोरोना वायरस की बढ़ती दहशत के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्द्धन ने कहा कि देशभर के एयरपोर्ट्स पर अब तक अढ़ाई लाख से अधिक यात्रियों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इसके अलावा भारत चिकित्सा से जुड़ी कुछ सामग्री चीन को भेज रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरुवार तक, 2,51,447 यात्रियों की हवाई अड्डों पर स्क्त्रीनिंग हो चुकी है। 12 प्रमुख और 65 छोटे बंदरगाहों पर भी स्क्रीनिंग की जा रही है। विदेश मंत्रालय की मदद से हम कुछ चिकित्सा आपूर्ति, उपकरण और अन्य सामग्री चीन को सद्भावना उपाय के रूप में भेज रहे हैं।

दुबई में आठ संक्रमित भारतीयों की हालत स्थिर

दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में घातक कोरोना वायरस से संक्रमित 36 वर्षीय भारतीय नागरिक की हालत स्थिर है। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई है। भारतीय नागरिक के 10 फरवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित होने का पता चला था। इसी के साथ यूएई में कोरोना वायरस के आठ मामलों की पुष्टि हो गई। भारतीय दूतावास के अधिकारी ने बताया कि भारतवंशी संक्रमित 36 वर्षीय पुरुष है। अधिकारी ने बताया कि वह यूएई में रहता है, लेकिन अधिकारी ने यह नहीं बताया कि क्या वह कभी चीन गया है क्या नहीं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने  बताया था कि भारतीय नागरिक वायरस से संक्रमित पाया गया है।

कैलिफोर्निया में सामने आया दूसरा मामला

वाशिंगटन। अमरीका में कैलिफोर्निया प्रांत के सैन डिएगो में कोरोना वायरस का दूसरा मामला सामने आया है। अमरीकी रोग नियंत्रण सेंटर के अधिकारी के बयान के अनुसार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए मरीज का इलाज सैन डिएगो के काउंटी अस्पताल में चल रहा है। इससे अमरीका में कोरोना वायरस के अब तक 14 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है। चीन के वुहान शहर को छोड़ कर आने वाले 232 अमरीकी नागरिकों में शामिल एक महिला में इस संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही सोमवार को सैन डिएगो में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App