जल्द बने कर्मचारी कल्याण बोर्ड

By: Feb 10th, 2020 12:02 am

भारतीय राज्य पेंशनर्ज महासंघ ने पारित किए आठ प्रस्ताव

बिलासपुर –भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ की राज्य कार्यकारणी की प्रथम बैठक प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्मानंद की अध्यक्षता में बिलासपुर के धौलरा विश्राम गृह में आयोजित की गई। बैठक में भारतीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री इंद्रपाल शर्मा ने कहा कि इस बैठक में प्रदेश कार्यकारणी के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से आठ प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें पेंशनरों के लिए राज्य स्तरीय संयुक्त सलाहकार समिति का गठन करने, उन्हें 65, 70, 75 वर्ष की आयु पर मिलने वाली राशि को मुल वेतन में जोड़े जाने, कर्मचारी कल्याण बोर्ड का गठन करने, चिकित्सा भत्ते का कैशलैस भुगतान किए जाने, परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भुगतान के लिए स्थायी प्रावधान करने और प्रदेश के कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग को केंद्रीय आधार पर दिए जाने की मांग की गई। कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा, ओपी गोयल की सेवा बर्खास्तगी को बहाल करने और अन्य कर्मचारी, जिन्हें राजनीतिक आधार पर पीडि़त किया गया है, उन्हें भी बहाल करने की मांग उठाई गई। भारतीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने संघ के बारे विस्तृत जानकारी दी। अध्यक्ष ने कहा कि आगामी दो महीने में जिला तथा तहसील स्तर पर संगठन का गठन कर दिया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीके सोनी, उपाध्यक्ष बलबीर ठाकुर, कोषाध्यक्ष किशोरी लाल, कार्यालय सचिव सुभाष पठानिया, मुख्य सलाहकार बलराम पुरी, सदस्य प्रभु राम वर्मा, भूप सिंह, पुरुषोत्तम ठाकुर, उत्तम वालिया, एसपी शर्मा, चेत राम तंवर, रामस्वरूप, ओमप्रकाश गर्ग, प्रताप चंदेल, रामसिंह अन्य पेंशनर्ज मौजूद रहे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App