जी-20 शिखर बैठक की तैयारी के लिए 100 करोड़ रुपये का आवंटन

By: Feb 1st, 2020 2:21 pm
 

 वर्ष 2022 में भारत को आर्थिक रूप से समृद्ध शीर्ष 20 देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता मिलेगी जिसके बाद भारत वैश्विक आर्थिक विकास के एजेंडे काे आगे बढ़ायेगा।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यहां लोकसभा में वित्त वर्ष 2020-21 के केन्द्रीय बजट प्रस्तुत करते हुए यह कहा और इसकी तैयारियों के लिए 100 करोड़ रुपए के आवंटन की घोषणा की।श्रीमती सीतारमण ने कहा कि वर्ष 2022 में भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलेगी। इसके माध्यम से भारत वैश्विक आर्थिक विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाएगा। इसकी तैयारी के लिए अगले वित्त वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव किया जाता है।वर्ष 2022 में जी-20 की शिखर बैठक का आयोजन भारत में किया जाएगा।जी-20 विश्व की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों का संगठन है जिसमें 19 देश और यूरोपीय संघ शामिल हैं। यूरोपीय संघ का प्रतिनिधित्व यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और यूरोपीय केंद्रीय बैंक करता है। इस समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका सदस्य हैं जबकि स्पेन एक स्थायी आमंत्रित सदस्य या अतिथि है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App