दिन में गर्मी का एहसास

By: Feb 13th, 2020 12:03 am

धूप खिलने से पांच डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा तापमान, पहाड़ों पर कल से बारिश-बर्फबारी

शिमला – कड़ाके की ठंड के बाद हिमाचल में अब दिन तपने लगे है। तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल आने के बाद राज्य के मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो मैदानी इलाकों में 17 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। किन्नौर, लाहुल-स्पीति, शिमला, कुल्लू, सिरमौर, मंडी में गुरुवार को एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी, जबकि 14 से 17 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। 18 फरवरी को फिर से पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ रहा। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दिन भर धूप खिली रही। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोलन व बिलासपुर के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री का सेल्सियस का उछाल आंका गया है। धर्मशाला, नाहन, हमीरपुर में चार, सुंदरनगर व कल्पा में तीन डिग्री तक पारा चढ़ा है। डलहौजी को छोड़कर शेष हिमाचल के तापमान में इजाफा आया है। अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी का एहसास हुआ। केलांग में बुधवार को फिर से बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। केलांग में दस सेंटीमीटर हिमपात हुआ है। इसके अलावा प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा, जिससे न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री का इजाफा दर्ज किया गया है। इसके चलते सुबह-शाम के समय ठंड का प्रकोप काफी हद तक कम हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह  ने खबर की पुष्टि की है।

कहां, कितना रहा तापमान

स्थान  न्यूनतम पारा

शिमला    7.7

सुंदरनगर  6.5

भुंतर       5.9

कल्पा     -3.0

धर्मशला   4.6

ऊना       9.4

नाहन      12.1

केलांग     -5.2

सोलन     4.5

कांगड़ा    9.0

हमीरपुर    8.1

चंबा       8.3

डलहौजी  5.5


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App