दिल्ली से लौटते ही मंत्रिमंडल विस्तार

By: Feb 3rd, 2020 12:30 am

मुख्यमंत्री जयराम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड़्डा से की चर्चा

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को दिल्ली में राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से औपचारिक मुलाकात की। काफी देर तक दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक गुफ्तगूं हुई। मुद्दा दिल्ली के साथ हिमाचल का था, क्योंकि कई दिन से सीएम दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार में उतरे हुए हैं, लिहाजा उन्होंने जनता का फीडबैक राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ साझा किया और बताया कि इस वक्त वहां के क्या राजनीतिक हालात चल रहे हैं। बताया जाता है कि इसके साथ दूसरा और अहम मुद्दा हिमाचल का था, जहां अभी मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। यहां सरकार को आगे बढ़ाने के लिए यह अहम मामला है, क्योंकि अब मुख्यमंत्री के पास कोई बहाना भी नहीं बचा है कि वह विस्तार न करें। अब भाजपा अध्यक्ष की तैनाती हो चुकी है और उन्होंने खुद ही कहा था कि दिल्ली चुनाव के बाद यहां मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इससे पहले यहां उपचुनाव का भी एक बहाना सरकार के पास रहा है, जिसमें भी भाजपा की जीत हुई। अब विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी भी खाली हो चुकी है और इसी महीने विधानसभा का बजट सत्र भी होना है। ऐसे में नड्डा के साथ इन सभी मामलों पर दिल्ली में चर्चा हो गई है। अब मुख्यमंत्री किसे अपने मंत्रिमंडल में जगह देंगे और किसे विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी मिलेगी, इसका ऐलान होना शेष है। सूत्र बताते हैं कि कुर्सी के कई तलबगार दिल्ली में ही डटे हुए हैं और सीएम के साथ रहकर वहां पूरा साथ दे रहे हैं। अब सीएम की वापसी के साथ ही यहां राजनीतिक हलचल शुरू हो जाएगी। सूत्र बताते हैं कि इस मुद्दे पर विस्तार से बात हो गई है और अब सिर्फ सीएम के लौटने व उनके द्वारा ऐलान किए जाने का इंतजार है। इसके साथ प्रदेश के संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई है।

हिमाचल की राजनीति से वाकिफ हैं नड्डा

राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस मसले पर चर्चा करना बेहद जरूरी थी, जिन्होंने मुख्यमंत्री जयराम को इस व्यस्त दौर में भी समय दिया, जो कि खास इन्हीं चर्चाओं के लिए था। क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल से हैं और यहां की राजनीति को भली प्रकार जानते हैं, लिहाजा मंत्रिमंडल में कौन नेता कहां से शामिल हो सकता है, इस पर उनकी राय लेना जरूरी था, जो ले ली गई।

मोदी हैं, तो सेफ है देश

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित है। वह भारत को विश्व गुरु का सम्मान पुनः दिलवाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात रविवार को मतियाला से भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी राजेश गहलोत और विकासपुरी विधानसभा से संजय सिंह के पक्ष में दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित रैलियों के दौरान कही। उन्होंने शाहीन बाग जैसी अप्रिय घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह नागरिकता संशोधन अधिनियम के संबंध में विपक्षी नेताओं द्वारा गलत प्रचार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा केवल गलत प्रचार तथा राजनीतिक चालों में व्यस्तता के कारण पांच वर्षों के दौरान दिल्ली का विकास थम गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आई है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के साथ प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के गतिशील नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने की ओर अग्रसर है, जिसे विश्व के नेताओं ने भी स्वीकारा है। आज अनुच्छेद-370 तथा 35ए इतिहास बन चुका है तथा भारत में ‘एक संविधान और एक निशान’ विद्यमान है। विपक्ष के नेता वोटों के लिए सीएए और एनआरसी पर राजनीति कर रहे हैं। विपक्ष के नेता नफरत की स्याही से इतिहास लिखने का प्रयास कर रहे हैं, परंतु देश की जनता बुद्धिमान है।

आप के वादे झूठे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में राष्ट्र उन्नति के पथ पर अग्रसर है और दिल्ली शीघ्र ही विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ विश्व प्रसिद्ध मैट्रो सिटी बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के झूठे वादों में नहीं आएंगे, क्योंकि पांच साल में उन्होंने प्रलोभन देने के अलावा कुछ नहीं किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App