नहीं रहीं पूर्व विधायक कृष्णा मोहिनी

By: Feb 24th, 2020 12:01 am

पीजीआई चंडीगढ़ में ली अंतिम सांस, सोलन में शोक की लहर

सोलन – कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सोलन की पूर्व विधायक मेजर कृष्णा मोहिनी का देहांत हो गया है। वह करीब 82 वर्ष की थीं और दो बार सोलन से विधायक भी रहीं है। बताया जा रहा है कि मेजर कृष्ण मोहिनी कुछ समय से बीमार चल रही थीं और पीजीआई चंडीगढ़ में उनका उपचार चल रहा था। रविवार को उन्होंने पीजीआई में अंतिम सांस ली। का कांग्रेस पार्टी के लिए अहम योगदान रहा है। वह ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष के अलावा प्रदेश में महिला कांग्रेस के विभिन्न पदों पर आसीन रहीं और पार्टी को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही। मेजर कृष्णा मोहिनी 70 के दशक में सोलन में एनसीसी की कमांडेंट रहीं। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर सक्रिय राजनीति में आने का फैसला लिया और वर्ष 1977 में जनता पार्टी ज्वाइन की। इस दौरान उन्होंने दून विधानसभा क्षेत्र से जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार रामप्रताप चंदेल से हार हारना पड़ा। चुनाव हारने के बाद वह 1980 में कांग्रेस में आई। कांग्रेस में आने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल ने उन्हें हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन बनाया।  इसके बाद वह दिल्ली चली गईं और राजीव गांधी को अपना धर्म का भाई बनाया। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद मेजर कृष्णा मोहिनी 1985 में दिल्ली के सुपरमार्केट की चेयरमैन बनीं। गांधी परिवार से नजदीकियां होने के कारण उन्हें वर्ष 1993 में सोलन से कांग्रेस पार्टी का टिकट मिला और पंजाब के सीएम सरदार बेअंत सिंह व हरियाणा के मुख्यमंत्री चौधरी भजन लाल के प्रयासों से जीत दर्ज की।

ये रिकार्ड बने

मेजर कृष्णा मोहिनी ने चार बार सोलन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और दो बार सोलन की विधायक बनीं। उन्होंने वर्ष  1993, 1998, 2000 व 2003 में चुनाव लड़ा। इस बीच वर्ष 1993 व 1998 का चुनाव जीत वह विधायक बनीं। मेजर कृष्णा मोहिनी ने दो रिकार्ड भी कायम किए। जब वह वर्ष 1993 में पहली बार विधायक बनीं, तो सोलन विधानसभा चुनाव में 11594 मतों से विजयी रहीं और यह अभी तक सबसे अधिक वोटों से जीतने का रिकार्ड है। इसके बाद जब 1998 में वह विधायक बनीं तो उनकी जीत केवल 26 मतों से हुई। कुल मिलाकर सबसे कम वोटों से जीतने का रिकार्ड भी उन्हीं के नाम है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व विधायक मेजर कृष्णा मोहिनी के निधन पर शोक प्रकट किया है। सीएम जयराम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App