पंजाब ने दो साल घटाई रिटायरमेंट की उम्र

By: Feb 29th, 2020 12:03 am

अब 58 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होंगे कर्मचारी, इसी साल मिलेगा पे-कमीशन

चंड़ीगढ़ – पंजाब में बारहवीं तक सभी के लिए मुफ्त शिक्षा ,पे-कमीशन इसी वर्ष देने तथा नौजवानों को रोजगार दिलाने के मकसद से रिटायरमेंट की उम्र 60 से घटाकर 58 करने, नगरपालिका की सीमा से बाहर यूनिट लगाने के लिए सीएलयू खत्म करने, मंडी बोर्ड फीस चार से घटाकर एक फीसदी करने जैसे ऐलान के साथ पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने शुक्रवार को जनता पर कोई नया कर न लगाते हुए वर्ष 2020-21 के लिए 154805 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। यह बजट वर्ष 2019-20 के संशोधित अनुमानों 151697 करोड़ से लगभग तीन हजार 108 करोड़ रुपए अधिक है।  श्री बादल ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कहा कि उनकी सरकार अपने किए हुए वादों पर खरी उतरी है। उन्होंने कर्मचारियों के डीए की किश्त जारी करने, रिटायरमेंट उम्र 58 साल करने, खेतिहर मजदूरों को कर्ज राहत देने सहित कई घोषणाएं कीं तथा इस बजट को प्राइमरी सरप्लस तथा फेयर बजट करार दिया । राज्य की अमरेंदर सरकार ने इस बजट में प्रदेश के कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र 60 साल से घटाकर 58 साल करने की बड़ी घोषणा की है। साथ हीए कर्मचारियों की छह फीसदी डीए की किस्त पहली मार्च को जारी की जाएगी। सरकार ने फरवरी-2019 में कर्मचारियों के लिए बढ़े हुए डीए की घोषणा की थी। इससे राज्य के करीब तीन लाख कर्मचारियों को फायदा होगा। बजट में राज्य सरकार ने पे-कमीशन की रिपोर्ट भी इसी साल लागू करने की बात कही है। इसके अलावा राज्य में नई भर्ती की प्रक्रिया भी पहली मार्च से शुरू करने का ऐलान किया है। वित्तमंत्री ने करीब एक घंटा 40 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा। इसमें 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का असर साफ नजर आ रहा है। आम जनता पर टैक्स का कोई नया बोझ नहीं डाला गया है। वहीं, युवाओं, महिलाओं और किसानों का पूरा ध्यान रखा गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App