प्रदेश में आज और कल बारिश-ओलावृष्टि-तूफान

By: Feb 28th, 2020 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में जनता को शुक्रवार को बारिश व ओलावृष्टि से परेशनियों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को राज्य में मैदानी इलाकों सहित शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, डलहौजी और चंबा में गर्जन के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तूफान कहर बरपा सकता है। यह क्रम 29 फरवरी को भी जारी रहेगा। विभाग ने दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चार मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा। मैदानी इलाकों में भी पहली मार्च तक गर्जन के  साथ बारिश होगी, जबकि मैदानी इलाकों में दो-तीन मार्च को मौसम साफ बना रहेगा। हिमाचल में गुरुवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। बादलों के घिरने और शीतलहर से तापमान में फिर से गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो दिन के दौरान भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान चलेगा। पहाड़ों पर चार मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान तापमान में गिरावट आ सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App