बिलासपुर की बेटी रशिम बनीं जज

By: Feb 13th, 2020 12:03 am

पूर्व सांसद सुरेश चंदेल की होनहार बेटी झारखंड कैडर में देगी सेवाएं

बिलासपुर – तीन बार सांसद रह चुके सुरेश चंदेल की होनहार बेटी रशिम चंदेल अब अदालत में जज की कुर्सी पर बैठकर मामलें निपटाएंगी। रशिम चंदेल झारखंड कैडर में जज बनी हैं। उन्हें जल्द ही नियुक्ति मिलेगी। उसके बाद ट्रेनिंग पूरी होने पर वह जज की कुर्सी पर बैठेंगी। बेटी की इस उपलब्धि से जहां परिजन बेहद खुश हैं, वहीं बिलासपुर के लोग भी खुद को गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। सुरेश चंदेल और अनिता चंदेल की इकलौती बेटी रशिम चंदेल ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। रशिम ने स्कूली पढ़ाई सरस्वती विद्या मंदिर बिलासपुर और आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई से करने के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई पूरी की। पिछले करीब एक साल से वह लोकसभा के विधि विभाग में सबसे कम आयु की रिसर्च स्कॉलर के रूप में अध्ययन करने के साथ ही न्यायिक परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। रशिम चंदेल ने कुछ राज्यों में न्यायिक सेवा के लिए परीक्षा दी थी। इसमें सफलता हासिल करते हुए वह झारखंड कैडर में जज (सिविल जज जूनियर डिविजन) बनी हैं। जानकारी के अनुसार सुरेश चंदेल व अनिता चंदेल के तीन बच्चों में रशिम मंझली हैं। रशिम के साथ ही उनके बड़े भाई देवेश चंदेल और छोटे भाई पीयूष चंदेल ने भी वकालत की पढ़ाई की है। रशिम चंदेल की इस उपलब्धि से जहां परिजन बेहद खुश हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी उन्हें अनगिनत बधाइयां मिल रही हैं।

पिता बोले, बेटी पर नाज

वहीं इस बारे में रशिम के पिता सुरेश चंदेल (पूर्व सांसद) ने कहा कि उन्हें पूरे परिवार की लाडली और होनहार बेटी नाज है। न्याय की पक्षधर रही रश्मि बचपन से ही न्यायिक सेवा क्षेत्र में मुकाम हासिल करना चाहती थी। उसने कड़ी मेहनत से मंजिल पर पहुंचकर अपने सपनों को साकार किया है। उसकी यह उपलब्धि परिवार के लिए बेहद खास है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App