महाशिवरात्रि से पहले… आया तूफान, नुकसान

By: Feb 22nd, 2020 12:22 am

औहर में दुकान पर गिरा पेड़; पेहड़वीं स्कूल में उड़ी छत, कई जगहों पर लोगों को करारी चपत

बिलासपुर-महाशिरात्रि की पूर्व रात्रि को बारिश के साथ चली तेज आंधी ने जिले के कई हिस्सों में तबाही मचाई है। तेज बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह पेड़ गिरने व घरों की छतें उड़ने से भारी नुकसान हुआ है। तेज आंधी व तूफान के कारण जिले के कई क्षेत्रों में बिजली भी गुल रही। इस कारण देर रात्रि घंटों तक लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। शुक्रवार के दिन भी कई हिस्सों में बिजली की आंख-मिचौनी जारी रही। इससे कई क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत भी रही। बता दें कि गुरुवार रात को आए तूफान के कारण घुमारवीं के औहर गांव के मनोज कुमार की दुकान पर आम का पुराना पेड़ गिर गया। इससे दुकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय वार्ड सदस्य रचना देवी ने बताया कि उक्त व्यक्ति को तूफान के कारण काफी नुकसान हुआ है यदि दिन का समय होता तो इसमें किसी की जान भी जा सकती थी। वहीं ग्राम पंचायत बकरोआ के तहत पड़ने वाले राजकीय प्राथमिक पाठशाला पेहड़वी में आंधी से स्कूल की टीन उड़ गई। पंचायत प्रधान अंजना धीमान ने बताया कि तूफान से स्कूल में काफी नुकसान हुआ है। उल्लेखनीय है कि महाशिवरात्रि पर्व पर जिला भर में जमकर बारिश हुई है। ठंडी हवाएं चलने से अधिकतम व न्यूनतम पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गौरतलब है कि गुरुवार रात्रि से ही जिले में बारिश का दौर शुरू हुआ। हल्की बूंदा-बांदी से शुरू हुई बारिश थोड़ी देर में तेज बारिश में तबदील हो गई। बारिश के साथ तेज आंधी भी चलना शुरू हो गई। गुरुवार रात को शुरू हुई बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। हालांकि  शुक्रवार सुबह 11 बजे के बाद धूप खिली, लेकिन शाम होते-होते आसमान में फिर काले बादलों ने डेरा जमा लिया। मौसम विभाग ने अधिकतम व न्यूनतम पारे में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की है। हालांकि महाशिवरात्रि पर्व पर हुई बारिश के बीच भी भक्तों की आस्था बनी रही। शिव मंदिरों में बारिश के बावजूद श्रद्धालु का तांता लगा रहा। शुक्रवार की दोपहर बाद दिन भर आकाश में काली घटा छायी रही। इस दौरान तेज हवाएं भी चली। शिवरात्रि की गत शाम से ही तेज हवा और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही।

बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

मौसम में लगातार हो रहे इस बदलाव ने किसानों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। जल्द गेहूं में बालियां निकलने वाली हैं। किसान चिंतित हैं कि अगर बारिश के साथ ओले पड़े तो फसल को काफी नुकसान होगा। इससे गेंहू की पैदावार कम हो जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App