महिलाएं-युवा बदलेंगे गांव की तस्वीर

By: Feb 6th, 2020 12:22 am

देहुरी सैंज में कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश बोले, विकास में दोनों अहम कड़ी

कुल्लू –नेहरू युवा केंद्र कुल्लू के सौजन्य से दुर्गा युवा क्लब देहुरी ने युवा विकास सम्मेलन का आयोजन माता दुर्गा भगवती के प्रांगण देहुरी सैंज में किया। सम्मेलन में बंजार खंड के विभिन्न युवक मंडल, महिला मंडल तथा स्वयं सहायता समूह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेहरू युवा केंद्र कुल्लू के राष्ट्रीय स्वयंसेवी राकेश कुमार ने नेहरू युवा केंद्र संगठन के बारे में जानकारी दी तथा युवा विकास सम्मेलन के आयोजन उद्देश्यों के बारे में बताया। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहुरी के प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि महिला मंडल तथा युवक मंडल गांव के विकास की अहम कड़ी हैं। साथ ही नेहरू युवा केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि नेहरू युवा केंद्र की यह एक अनूठी पहल है कि गांव-गांव  में महिला मंडल तथा युवक मंडलों के बीच जाकर अपने कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान नेहरू युवा केंद्र कुल्लू की जिला युवा समन्वयक सोनिका चंद्रा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों तथा महिला मंडलों और युवक मंडलों का कार्यक्रम में पधारने पर धन्यवाद किया। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवी पूर्ण चंद ने नेहरू युवा केंद्र के कोर प्रोग्रामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा नए युवक मंडल तथा महिला मंडल बनाने के बारे में भी जानकारी दी। विनोद कुमार ने उपायुक्त द्वारा चलाए जा रहे संवेदना कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी दी तथा उन्होंने बताया महिलाएं यदि माहवारी के समय सफाई का ध्यान न रखंे, तो कैंसर जैसी भयानक बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित पृथ्वी शर्मा, जिला कारदार संघ के सचिव नारायण चौहान, दुर्गा युवा क्लब के प्रधान योगराज ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देहरी की छात्राओं ने भाषण तथा एकल गान प्रस्तुत किए गए, जो कि नशा और स्वच्छ भारत के विषय पर आधारित थे। कार्यक्रम के अंत में पंचायत बनोगी के उपप्रधान हेमराज ने सफल कार्यक्रम के लिए सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में दुर्गा युवा क्लब के सदस्य तथा नेहरू युवा केंद्र की पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवी नैना भी उपस्थित रहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App