योगेश्वर शर्मा उत्तर जोन के सचिव

By: Feb 27th, 2020 12:03 am

आम आदमी पार्टी के हरियाणा संयोजक सुशील गुप्ता ने किया कार्यकारिणी का विस्तार

पंचकूला – आम आदमी पार्टी के हरियाणा के नवनियक्त प्रदेश संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए योगेश्वर शर्मा को प्रदेश में उत्तर जोन का सचिव बनाया है। इसके आलावा भी कई और महत्त्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। यह जानकारी जारी एक ब्यान में सुशील गुप्ता ने बताया कि हरियाणा के संगठन को गतिमान करने के लिए आप के संगठन की दृष्टि के हिसाब से हरियाणा को चार जोनों में बांटा गया है। उन्होंने बताया कि आज उत्तर हरियाणा जोन के संगठन की विधिवत रूप से घोषणा की गई जिसमें प्रोफेसर (डा.) बालकृष्ण कौशिक को उत्तर हरियाणा के अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया गया है। डा. बालकृष्ण कौशिक, जो कि एक शिक्षाविद् एंव समाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान रखते है। करनाल में रहते हैं और मूल रूप से समालखा के नजदीक गांव नन्हेड़ा से संबंध रखते हैं। इसके आलावा संगठन मंत्री के तौर पर सुखवीर सिंह को उत्तर हरियाणा जोन की जिम्मेवारी दी गई। जो इंजीनियर हैं और मूलतः जिले कैथल से संबंधित है। सचिव पद के लिए योगेश्वर शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। जो पूर्व में पंचकूला विधानसभा से पार्टी के उम्मीदवार रहे हैं। प्रवक्ता के तौर पर मेवाराम आर्य (कुरुक्षेत्र से) उपाध्यक्ष पद के लिए योगेंद्र चौहान (यमुनानगर से) व गुरुदेव सुरा  (लाडवा से) को जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त सचिव के पद पर सुधीर राणा (नारायणगढ़ से), मास्टर जितेंद (गुहला चीका से), सुमित लाठर (इंद्री से) और संजीव मेहता  (करनाल से) को नियुक्त किया गया है। डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में राष्ट्र निर्माण अभियान को तेजी से चलाया जाएगा, जिसके तहत नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा जाएगा और दिल्ली में किए गए कार्यों एवं पार्टी की नीतियों का जोर शोर से प्रचार और प्रसार किया जाएगा। डा. गुप्ता ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्र निर्माण के अभियान को गांव स्तर तक पहुंचाया जाएगा और इस अभियान से जुड़ने के लिए 9871010101 पर भी मिस्ड कॉल कर सकते है ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App